हरियाणा निकाय चुनाव में BJP का केसरिया रंग छाया : नगर पालिका चुनाव में भाजपा 14 जगह सिंबल पर चुनाव लड़ी। इनमें से 6 जगह हार का सामना करना पड़ा। कैथल की तीनों सीटों पर भाजपा को शिकस्त मिली। अंबाला की बराड़ा नगर पालिका, करनाल की इंद्री और फतेहाबाद की जाखल मंडी में भाजपा के प्रत्याशी हारे। वहीं, 9 जगह भाजपा ने सिंबल पर चुनाव नहीं लड़ा था। यहां पर निर्दलीय ही जीते।
कैथल में तीनों सीट भाजपा हारी, दो जगह बागी जीते
कैथल की तीनों नगरपालिकाओं में भाजपा प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा तथा निर्दलीय प्रत्याशी विजेता रहे। चुनाव में सीवन से हेमलता, कलायत से अंकित राणा तथा पूंडरी से बबली गोस्वामी नगर पालिका प्रधान पद जीते। सीएम नायब सिंह ने तीनों नगरपालिकाओं में भाजपा प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए रैलियां, रोड-शो व जलसे कर पूरा जोर लगाया, लेकिन वे अपने प्रत्याशियों को जीत दिलाने में कामयाब नहीं हो सके। निकाय चुनाव में भाजपा की टिकट मांग रहे कलायत से अंकित जैलदार और सीवन से संदीप सैनी की पत्नी हेमलता सैनी को निराश होना पड़ा था। तब इन्होंने निर्दलीय खड़ा होकर भाजपा के उम्मीदवार को शिकस्त दी। कलायत से भाजपा ने मैनपाल राणा को प्रत्याशी बनाया तो वहीं सीवन से शैली मुंजाल को प्रत्याशी बनाया था। पूंडरी से निर्दलीय प्रत्याशी बबली गोस्वामी ने भाजपा प्रत्याशी गुड्डी देवी को शिकस्त दी। नगर पालिका चुनाव में कम वोटर और भाईचारे का चुनाव होने के चलते भी इस तरह के नतीजे आए। विधानसभा चुनाव में भी भाजपा कैथल जिले से चार में से केवल एक पूंडरी की सीट पर ही विजयी हुई थी। कलायत, कैथल और गुहला चीका में कांग्रेस जीती थी।
यह भी पढ़ें : हरियाणा निकाय चुनाव में कांग्रेस की बुरी हार: मेयर की 9 सीटों पर BJP जीती, चलेगी ट्रिपल इंजन की सरकार
भाजपा को रास नहीं आ रहा फतेहाबाद
विधानसभा चुनाव की बात करें तो फतेहाबाद की तीनों सीटों पर भाजपा को हार मिली थी। वहीं, नगर पालिका चुनाव में यहां जाखल मंडी सीट पर भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। यहां भाजपा प्रत्याशी सुरेन्द्र मित्तल को जहां 3252 वोट मिले जबकि आजाद उम्मीदवार एवं कांग्रेस समर्थित विकास कामरा 4571 वोटों के साथ पहले स्थान पर रहे। 1319 वोटों से उन्होंने जीत दर्ज की। यहां एक मजबूत निर्दलीय प्रत्याशी व कांग्रेस का गठजोड़ काम आया।
करनाल के इंद्री में भी बागी ने बिगाड़ा भाजपा का खेल
नगर पालिका इंद्री के अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी राकेश कुमार ने 952 मतों से जीत हासिल की। उन्होंने भाजपा के जसपाल को हराया। राकेश कुमार पिछले काफी समय से भाजपा पार्टी से जुड़े हुए थे और नपा चेयरमैन पद के लिए टिकट की मांग कर रहे थे, लेकिन भाजपा से टिकट न मिलने से खफा होकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र भरा और जीत हासिल की। राकेश कुमार इससे पहले इंद्री नपा में मनोनीत पार्षद भी रह चुके हैं।
बराड़ा में भी भाजपा के बागी जीते
अंबाला के बराड़ा नगर पालिका चुनाव में भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे रजत मलिक ने भाजपा के प्रत्याशी हरजिंद्र सिंह को 1993 वोट से हराया। रजत को कुल 6307 वोट प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी हरजिंद्र सिंह को 4314 मतों पर संतोष करना पड़ा।
नौ नगर निगम चुनाव में भाजपा ने दोबारा जीत दर्ज की
भाजपा ने अंबाला, पानीपत, सोनीपत, करनाल, रोहतक, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार और यमुनानगर नगर निगम चुनाव में इन सीटों पर दोबारा जीत दर्ज की। रोहतक में रामअवतार वाल्मीकि ने कांग्रेस के सूरजमल किलोई को 45198 वोट से हराया। रामअवतार वाल्मीकि को 102269 वोट मिले तो किलोई को 57071 मत ही मिले। वहीं, हिसार में प्रवीण पोपली ने कांग्रेस के कृष्ण सिंगला को 64456 वोट से हराया। प्रवीण पोपली को 96329 वोट मिले जबकि कांग्रेस उम्मीदवार कृष्ण सिंगला टीटू को केवल 31873 मत ही प्राप्त हुए। पानीपत में भाजपा की कोमल सैनी ने कांग्रेस की सविता गर्ग को 123170 वोट से पराजित किया। कोमल सैनी को 162075 मत मिले तो वहीं, सविता गर्ग को 38905 मत हासिल हुए। सोनीपत मेयर उपचुनाव में भाजपा के राजीव जैन ने कांग्रेस के कमल दिवान को 34749 वोट से पटखनी दी। पूर्व मंत्री कविता जैन के पति व सीएम के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन को 57858 वोट मिले तो वहीं कमल दिवान को 23109 मत प्राप्त हुए। यमुनानगर में सुमन बहमनी ने कांग्रेस की किरणा देवी को 73319 वोट से हराया। सुमन को 126749 वोट मिले तो वहीं किरणा देवी को 53430 मत मिले। अंबाला में भाजपा की शैलजा सचदेवा ने कांग्रेस की अमीषा चावला को 20487 मत से हराया। सचदेवा को 40620 वोट मिले तो अमीषा चावला को 20133 मत हासिल हुए। फरीदाबाद नगर निगम में भाजपा की प्रवीण जोशी ने कांग्रेस की लता रानी को 316852 वोट से पराजित किया। प्रवीण जोशी को 416927 तो लता रानी को 100075 वोट मिले। गुरुग्राम नगर निगम में भाजपा की राजरानी ने कांग्रेस की सीमा पाहुजा को 179485 मत से शिकस्त दी। राज रानी को 270781 वोट मिले तो वहीं सीमा पाहुजा को 91296 वोट ही मिले। करनाल में भाजपा की निवर्तमान मेयर रेणु बाला गुप्ता ने कांग्रेस के मनोज वधवा को 25359 वोट से पराजित किया। रेणु बाला गुप्ता को 83630 वोट मिले तो वहीं मनोज को 58271 मत ही मिले। मानेसर नगर निगम में निर्दलीय प्रत्याशी रहीं डॉ. इंद्रजीत यादव ने भाजपा के सुंदरलाल सरपंच को 2203 वोट से हराया। डॉ. इंद्रजीत को 26393 वोट मिले तो वहीं, सुंदरलाल को 24100 वोट हासिल हुए। 10 नगर निगम चुनाव में से केवल मानेसर में ही भाजपा की हार हुई। मानेसर के नगर निगम बनने के बाद पहली बार चुनाव हुए थे। बताया जा रहा है कि विजयी प्रत्याशी डॉ. इंद्रजीत यादव के पति राकेश हयातपुर केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता राव इंद्रजीत के समर्थक माने जाते हैं।
पांचों नगर परिषद में भाजपा की जीत
नगर परिषद चुनाव में अंबाला सदर, पटौदी, थानेसर, सिरसा और सोहना में सभी जगह भाजपा ने जीत दर्ज की। सोहना में केवल प्रधान पद पर चुनाव था। वहीं, नगर पालिका चुनाव की बात करें तो बवानीखेड़ा, जुलाना, नीलोखेड़ी, हथीन, खरखौदा, रादौर, असंध, ईस्माइलाबाद में भाजपा ने जीत दर्ज की।
यह भी पढ़ें : रोहतक में भाजपा के राम जीते : इनेलो के संचित नांदल को जितने वोट मिले थे उतने भाजपा के बढ़े, कांग्रेस ने नहीं की तरक्की