Logo
हरियाणा के करनाल में अनुबंध बिजली कर्मचारियों द्वारा अपनी लंबित मांगों को लेकर सीएम आवास का घेराव किया गया। सीएम आवास के घेराव के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसमें कुछ कर्मचारियों को हल्की चोट भी लगी है।

Karnal: प्रदेश भर के अनुबंध बिजली कर्मचारियों द्वारा अपनी लंबित मांगों को लेकर सीएम आवास का घेराव किया गया। हजारों की संख्या में कच्चे कर्मचारी सीएम आवास की तरफ प्रदर्शन करते हुए निकले। सभी कर्मचारी जब सीएम आवास के पास पहुंचे तो पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग कर कर्मचारियों को रोक लिया। जिसके बाद पुलिस और कच्चे कर्मचारियों के बीच धक्का मुक्की देखने को मिली। इस दौरान बढ़ते विरोध को शांत करने के लिए पुलिस ने हल्के बल का प्रयोग किया। पुलिस की लाठी लगने से कई कर्मचारियों को हल्की चोट भी लगी है।

मांगे पूरी न होने पर अनिश्चितकॉलीन रहेगी हड़ताल

सफीदों यूनिट के प्रधान मनीष शर्मा ने कहा कि वर्षो से अपनी लंबित मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे है। आज प्रदेश भर के 17 हजार बिजली विभाग के कच्चे कर्मचारी करनाल पहुंचे थे। अपनी मांगों को लेकर सीएम आवास पर जा रहे थे। लेकिन पुलिस द्वारा उनका रास्ता रोका गया और उन पर लाठीचार्ज किया गया। जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती, तब तक यहां से उठने वाले नहीं है। हम अनिश्चितकॉलीन हड़ताल पर भी जा सकते है।

पूरा दिन शहर में रहा जाम

प्रदेश भर से हजारों की संख्या में बिजली विभाग के कच्चे कर्मचारी करनाल के सेक्टर 12 पहुंचे थे, जिसके चलते शहर की मुख्य सड़कों पर सारा दिन जाम लगा रहा। दोपहर बाद सेक्टर 12 फव्वारा पार्क से प्रदर्शन करते हुए कर्मचारियों ने प्रेम नगर स्थित मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। एकदम हजारों कर्मचारियों के सड़कों पर उतरने से सेक्टर 12 रोड, कल्पना चावला रोड और माल रोड पर जाम की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस द्वारा ट्रैफिक को डायवर्ट भी किया गया, लेकिन जाम की स्थिति ज्यों की त्यों बनी रही।

5379487