Logo
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने स्वतंत्रता दिवस पर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 36,000 भर्तियां निकाली जाएगी।

Haryana News: हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने स्वतंत्रता दिवस (Independence Day 2024) पर बड़ा ऐलान किया है। सीएम ने कहा है कि प्रदेश में 36,000 नई भर्तियां निकाली जाएगी। इसके साथ ही सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार पहले ही युवाओं को योग्यता के आधार पर 1.44 लाख नौकरियां दे चुकी है। 

दरअसल, सीएम ने 15 अगस्त को कुरुक्षेत्र की धरती पर तिरंगा फहराया। इस दौरान सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आउटसोर्सिंग सेवाओं और हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत काम करने वाले 1.20 लाख कर्मचारियों के लिए नौकरियां सुरक्षित की हैं।

सीएम सैनी ने कहा कि राज्य में 76 नए कॉलेज खोले गए हैं, जिनमें 32 महिला और 39 कॉलेज शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को स्नातकोत्तर स्तर तक निशुल्क शिक्षा दी जा रही है। वहीं विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली 5,105 बेटियों को शिक्षा के लिए कुल 20.28 करोड़ रुपये का लोन दिया गया है, जिसमें हरियाणा सरकार पांच प्रतिशत ब्याज सब्सिडी प्रदान कर रही है। 

इसके अलावा सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक और शैक्षणिक विकास और उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए काम कर रही है।  सीएम ने कहा कि महिलाओं के लिए आजीविका के अवसरों को बढ़ाने के लिए, एक तिहाई राशन डिपो महिलाओं को आवंटित किए गए हैं। 
 

दो लाख महिलाओं को बनाएंगे लखपति दीदी 

सीएम ने कहा कि प्रदेश की दो लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाएंगे। इसके लिए महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। सीएम सैनी ने कहा कि पहले चरण में 62,000 महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 

विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर रहे सीएम सैनी 

बता दें कि प्रदेश में इस साल विधानसभा चुनाव होना है। इलेक्शन कमीशन कभी भी हरियाणा में चुनाव की तारीखों का ऐलान करता है। आगामी चुनाव से पहले सीएम सैनी बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर रहे हैं। हाल ही में सीएम ने बीपीएल परिवारों को 500 रुपये का सिलेंडर उपलब्ध कराने का भी ऐलान किया है। इसके अलावा किसानों की 24 फसलों को MSP पर खरीदने की भी घोषणा की है। 

 

5379487