Logo
हरियाणा के जींद में जमीनी विवाद के चलते एक दंपत्ति ने महिला पर फायर कर दिया, जिसमें महिला बाल-बाल बच गई। इसके बाद आरोपी दंपत्ति ने महिला के ऊपर तेल छिड़क कर आग लगा दी और जान से मारने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की।

Jind: गांव गांगोली में जमीनी विवाद के चलते एक दंपत्ति ने महिला पर फायर कर दिया, जिसमें महिला बाल-बाल बच गई। इसके बाद आरोपी दंपत्ति ने महिला के ऊपर तेल छिड़क कर आग लगा दी और जान से मारने का प्रयास किया। आग में झुलसी महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर महिला समेत दो लोगों को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जमीनी विवाद में दिया वारदात को अंजाम

गांव गांगोली निवासी संतरो ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा अजय अमेरिका गया हुआ है। उसकी ननंद कविता ने अपने हिस्से की जमीन गांव के ही कृष्ण फौजी की पत्नी मीना को बेच दी थी। जिस पर उसके जेठ कृष्ण व जेठानी सरोज ने कोर्ट से स्टे लिया हुआ है। 21 जून शाम को वह खेत में काम कर रही थी। उसी दौरान कृष्ण फौजी, उसकी पत्नी मीना व पांच अन्य खेत में पहुंचे ओर उस पर बंदूक तान दी। आरोपितों ने उसे खेत से भाग जाने के लिए कहा। जब उसने खेत से जाने से मना कर दिया तो कृष्ण फौजी ने उस पर फायर कर दिया। जिसमें वह बाल-बाल बच गई। इसके बाद कृष्ण फौजी तथा उसकी पत्नी मीना ने उस पर तेल छिड़क कर आग लगा दी, जिसके बाद आरोपित फरार हो गए।

घायल महिला को रोहतक पीजीआई किया रेफर

संतरों ने बताया कि आसपास के किसानों ने आग पर काबू पाया। इसके बाद परिजनों ने उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पीजीआई में उसका इलाज चल रहा है। पिल्लूखेडा थाना पुलिस ने संतरो की शिकायत पर कृष्ण फौजी, उसकी पत्नी मीना को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पिल्लूखेड़ा थाना के जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि महिला ने आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

5379487