Logo
हरियाणा के सोनीपत में वृद्धा का शव घर के अंदर पड़ा मिला। महिला एक सप्ताह पहले एनआरआई बेटा-बेटी से मिलकर अमेरिका से लौटी थी। शव को देखकर आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत दो-तीन दिन पहले हुई है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

Sonipat: प्रभु नगर में वृद्धा का शव घर के अंदर पड़ा मिला है। शव कमरे में रखे सोफे पर पड़ा हुआ था। महिला एक सप्ताह पहले एनआरआई बेटा-बेटी से मिलकर अमेरिका से लौटी थी। शव को देखकर आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत दो-तीन दिन पहले हुई है। पड़ोसियों को बदबू आई तो सूचना पुलिस को दी गई। फिलहाल पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है। साथ ही मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

घर में अकेली थी बुजुर्ग महिला

प्रभु नगर निवासी राज वर्मा के पति की मौत कई साल पहले हो चुकी है। इसके बाद वह अपने बेटे और बेटी के पास अमेरिका में रह रही थी। राज वर्मा एक सप्ताह पहले ही अमेरिका से वापस प्रभु नगर स्थित घर लौटी थी। करीब चार दिन पहले पड़ोसियों से उनकी बातचीत भी हुई थी। अब दो-तीन दिन से वह दिखाई नहीं दे रही थी। पड़ोसन छत पर टंकी में पानी देखने के लिए चढ़ी तो उसे घर के अंदर से बदबू आई। उसने आसपास के लोगों को अवगत कराया। घर का मुख्य दरवाजा भी अंदर से बंद था। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी पुलिस, सोफे पर पड़ा था शव

पुलिस ने दरवाजे को तोड़कर अंदर जाकर देखा तो राज वर्मा कमरे में रखे सोफे पर मृत पड़ी थी। मौके पर फॉरेंसिक टीम बुलाई गई। महिला की मौत करीब दो-तीन दिन पहले होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवाया गया है। थाना शहर के जांच अधिकारी दलजीत का कहना है कि महिला के रिश्तेदारों और बेटे-बेटी को भी अवगत करवा दिया है। उनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

5379487