Haryana Budget 2025: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोमवार को वित्त वर्ष 2025-26 का बजट पेश किया। इस बार प्रदेश का बजट 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का रखा गया है। ऐसे में सीएम नायब सैनी ने अपने मंत्रियों के विभागों के बजट में भी बढ़ोतरी की है। बता दें कि मौजूदा समय में सीएम सैनी के पास गृह विभाग, पब्लिक हेल्थ, सूचना आर अन्य समेत सबसे ज्यादा विभाग हैं। इसके चलते सीएम सैनी ने अपने पास सबसे ज्यादा 85,039 करोड़ रुपए का बजट रखा है। वहीं, प्रदेश की महिला मंत्रियों को भी ज्यादा बजट दिया गया है।
अनिल विज के विभागों के लिए बढ़ाया गया बजट
कैबिनेट मंत्री अनिल विज के पास कुल तीन विभाग है, जिसमें ऊर्जा, श्रम और परिवहन विभाग शामिल हैं। बता दें कि अनिल विज पार्टी के ऐसे नेता हैं, जो सबसे ज्यादा नाराज होते हैं। इसके चलते सीएम सैनी ने उन्हें ज्यादा बजट दिया है। जानकारी के मुताबिक, अनिल विज को 9,864.84 करोड़ रुपए का बजट दिया गया है। वहीं, महिपाल ढांडा को शिक्षा मंत्रालय के लिए 22,296.82 करोड़ रुपए का बजट दिया है। महिपाल ढांडा स्कूल शिक्षा, उच्चतर शिक्षा और आईटीआई विभाग संभालते हैं।
महिला मंत्रियों को कितना मिला?
वर्तमान समय में हरियाणा में दो महिला मंत्री है। इनमें आरती राव स्वास्थ्य विभाग संभालती हैं, जबकि मंत्री श्रुति चौधरी सिंचाई एवं जल संसाधन के साथ ही महिला बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी संभालती हैं। इस बार सीएम नायब सैनी ने दोनों ही महिला मंत्रियों के बजट में इजाफा किया है। आरती राव को स्वास्थ्य विभाग के लिए 10,159.54 करोड़ रुपए दिए गए हैं, जो पिछली बार के बजट से 8.17 प्रतिशत अधिक है।
वहीं, मंत्री श्रुति चौधरी को दो विभागों के लिए 7,396.82 करोड़ रुपए का बजट दिया गया है। इनमें महिला एवं बाल विभाग को 1,371.10 करोड़ रुपए दिए गए हैं, जबकि पिछली इसके लिए 1,008.44 करोड़ रुपए मिले थे। इसके अलावा सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग को के लिए 6,024.72 करोड़ रुपए का बजट मंजूर किया है।
मंत्री अरविंद शर्मा को मिला सबसे कम बजट
प्रदेश के विरासत और पर्यटन विभाग को संभालने वाले मंत्री अरविंद शर्मा को सरकार की ओर से सबसे कम बजट दिया गया है। बता दें कि अरविंद शर्मा के विभाग के लिए 262.31 करोड़ रुपए दिए गए हैं, जो कि पिछले बजट से ज्यादा है। साल 2024-25 में उनके विभाग के लिए 242.43 करोड़ रुपए दिए गए थे।
मंत्री श्याम सिंह राणा को 7620 करोड़
सीएम सैनी ने मंत्री श्याम सिंह राणा के विभागों के लिए 7620.37 करोड़ रुपए का बजट मंजूर किया है। बता दें कि वह कृषि विभाग के अलावा बागवानी, पशुपालन और मत्स्य विभाग संभालते हैं। इसमें सबसे ज्यादा कृषि विभाग के लिए 4229.29 करोड़ रुपए दिए गए हैं। वहीं, मंत्री राव नरबीर सिंह को 2698.42 करोड़ रुपए का बजट दिया गया है। वह कुल तीन विभागों की जिम्मेदारी संभालते हैं, जिसमें उद्योग एवं वाणिज्य, वन एवं पर्यावरण और सैनिक कल्याण विभाग शामिल हैं।
विपुल गोयल, कृष्ण लाल पंवार और गंगवा को कितना मिला?
मंत्री विपुल गोयल को सरकार की ओर से 9,049.12 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इनमें शहरी निकाय के लिए 5,666.28 करोड़ रुपए, नागरिक उड्डयन के लिए 5,16.26 करोड़ रुपए और राजस्व के लिए 2,866.58 करोड़ रुपए दिए गए हैं।
वहीं, रणबीर गंगवा को सार्वजनिक निर्माण विभाग के लिए 4,830.73 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा मंत्री कृष्ण लाल पंवार को कुल 7,435.50 करोड़ रुपए का बजट दिया गया है। इसमें पंचायत एवं विकास के लिए 7,313.98 करोड़ रुपए और खान एवं भूविज्ञान के लिए 121.52 करोड़ रुपए दिए गए हैं।
खेल विभाग के लिए 1,900 करोड़ से ज्यादा
वित्त वर्ष 2025-26 में युवा और खेल विभाग के लिए 1,961.79 करोड़ रुपए रुपए दिए गए हैं। बता दें कि यह विभाग मंत्री गौरव गौतम संभालते हैं। इसके अलावा मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के लिए 16,650.78 करोड़ रुपए दिए गए हैं।
वहीं, मंत्री राजेश नागर को कुल 5,005.64 करोड़ रुपए दिए गए हैं। इसमें खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग के लिए 5,000 करोड़ रुपए और लेखन एवं मुद्रा विभाग के लिए 5.64 करोड़ रुपए रुपए मंजूर किए गए हैं।
ये भी पढ़ें: Haryana Budget 2025: हरियाणा का बजट कैसे हुआ तैयार, खट्टर समेत इन लोगों का रहा अहम योगदान