Logo
सम्पूर्ण मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली में आग उगलने वाली भीषण गर्मी व गंभीर हीट वेव का लगातार सितम जारी है। वर्तमान परिदृश्य में हरियाणा एनसीआर दिल्ली भीषण आग उगलने वाली गर्मी का टॉर्चर व गंभीर हीट वेव का रेड अलर्ट जारी है।

Haryana: सम्पूर्ण मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली में आग उगलने वाली भीषण गर्मी व गंभीर हीट वेव का लगातार सितम जारी है। सम्पूर्ण इलाके में दिन व रात का पारा जबरदस्त तरीके से उछाल मार रहा है। वर्तमान परिदृश्य में हरियाणा एनसीआर दिल्ली भीषण आग उगलने वाली गर्मी का टॉर्चर व गंभीर हीट वेव का रेड अलर्ट जारी है। सम्पूर्ण इलाके पर सुबह से शाम तक आसमान से आग बरस रही है। चहुंओर आमजन द्वारा हाय रे गर्मी, कशुती गर्मी, जल गए रे जल गए रे, गर्मी तो फूंकेगी, गर्मी तो जान से मारेगी आदि शब्द निकल रहें हैं। प्रचंड गर्मी ने आमजन का दिन व रात का चैन छीन लिया है। सम्पूर्ण इलाके में मौसम की चरम और विकट परिस्थितियां बनी हुईं हैं।

आगामी दिनों में गर्मी के दिखेंगे तीखे तेवर

मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में हरियाणा एनसीआर दिल्ली में और अधिक तीखे तेवरों से भीषण गर्मी व गंभीर हीट वेव अपना विकराल रूप धारण करेंगी। आने वाले एक सप्ताह में हरियाणा एनसीआर दिल्ली में भीषण गर्मी से राहत दिलाने वाली कोई बड़ी मौसम प्रणाली आने की संभावना नहीं है। अगर पिछले साल से इस साल की तुलना करें तो पिछले साल मई महीने में लगातार एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मई महीने में लगातार बारिश/बूंदाबांदी और तेज गति से हवाएं चलने से सम्पूर्ण इलाके में तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। हरियाणा एनसीआर दिल्ली में गर्मी और लू के तेवर ढीले रहे। साथ ही नौतपा के दौरान मौसम सुहावना बना रहा, लेकिन इस साल मौसम परिस्थितियां बिल्कुल विपरीत बनी हुई हैं। सम्पूर्ण इलाके में बलुचिस्तान और थार मरूस्थलीय गर्म और शुष्क हवाओं का आगाज बना हुआ है।

मौसम विभाग ने जारी किया रेड व ऑरेंज अलर्ट

हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर भारतीय मौसम विभाग ने जहां रेड व ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखें। वहीं सरकार व प्रशासन की ओर से लगातार आमजन के लिए एडवाइजरी जारी कर रखी हैं। जिसमें कहा गया कि आमजन अपने जरूरी कामों को सुबह और शाम के समय निपटाएं। दोपहर के समय बहुत ज्यादा जरूरी हो तो बाहर निकले अन्यथा अपने घरों में ही रहे। वहीं राज्य के अनेक जिलों में भीषण गर्मी व गंभीर हीट वेव के मद्देनजर प्रशासन की ओर से स्कूलों की छुटियां घोषित कर दी हैं। गर्मी का आलम है कि सम्पूर्ण इलाके में दोपहर होते-होते सड़कों व बाजारों में सन्नाटा छा जाता है। सम्पूर्ण इलाके पर भीषण गर्मी व प्रचंड हीट वेव का कर्फ्यू लग जाता है।

तापमान 50 डिग्री तक पहुंचने के आसार

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि मंगलवार को नारनौल की रात 31.0 डिग्री सेल्सियस तापमान के चलते हरियाणा एनसीआर दिल्ली में सबसे ज्यादा गर्म रही। वहीं सिरसा का दिन सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में हरियाणा एनसीआर दिल्ली में दिन का तापमान 50.0 डिग्री सेल्सियस व रात का तापमान 35.0 डिग्री तक पहुंचने की संभावना बन रही है। गर्मी के तेवर अपनी चरम सीमा पर रहेंगे, जिसके कारण लोग अपने घरों में ही रहकर व ठंडा पेय पदार्थ लेकर बच सकते हैं।

5379487