Logo
प्रदेश की हॉट सीट में शुमार हिसार लोकसभा सीट 1951 में अस्तित्व में आ गई थी। तब से लेकर अब तक इस सीट पर 18 बार चुनाव हो चुके हैं। इनमें से कांग्रेस ने सर्वाधिक 7 बार हिसार लोकसभा सीट पर अपना कब्जा किया है। भाजपा से बृजेंद्र सिंह निर्वाचित हुए थे। बृजेंद्र ने 3 लाख 14 हजार 68 वोट से जीत दर्ज कर इतिहास रचा था।

शमशेर सैनी/हिसार : प्रदेश की हॉट सीट में शुमार हिसार लोकसभा सीट 1951 में अस्तित्व में आ गई थी। तब से लेकर अब तक इस सीट पर 18 बार चुनाव हो चुके हैं। इनमें से कांग्रेस ने सर्वाधिक 7 बार हिसार लोकसभा सीट पर अपना कब्जा किया है। कांग्रेस के बाद इनेलो 3 बार यहां से जीतने में कामयाब रही है। एक बार भाजपा भी यहां से कमल खिला चुकी है। अब हिसार लोकसभा सीट वोटों के बड़े अंतर से जीत की बात की जाए तो उसमें भाजपा ही सबसे ऊपर है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर में भाजपा से बृजेंद्र सिंह निर्वाचित हुए थे। बृजेंद्र ने 3 लाख 14 हजार 68 वोट से जीत दर्ज कर इतिहास रचा था। वर्तमान में बृजेंद्र सिंह भाजपा को अलविदा कह चुके हैं और कांग्रेस का दामन थाम चुके हैं।

बृजेंद्र सिंह ने तोड़ा था इंद्र सिंह श्योकंद का रिकॉर्ड

वर्ष 2019 में हिसार लोकसभा सीट से सर छोटूराम के नाती एवं भाजपा प्रत्याशी बृजेंद्र सिंह ने 3 लाख 14 हजार 68 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर वर्ष 1977 में जनता पार्टी की टिकट पर जीत दर्ज करने वाले इंद्रसिंह श्योकंद का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब तक सबसे ज्यादा 2 लाख 43 हजार 384 वोटों के अंतर से जीतने का रिकॉर्ड श्योकंद का नाम था।

श्योकंद ने जसवंत को हरा बनाया था रिकॉर्ड

वर्ष 1977 के लोकसभा चुनाव में उचाना विधानसभा सीट के गांव डूमरखां निवासी इंद्रसिंह श्योकंद जनता पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ा था। इमरजेंसी विरोधी लहर का असर देश के साथ हिसार संसदीय सीट पर भी देखने का मिला था। उनका मुकाबला कांग्रेस पार्टी की टिकट पर खड़े प्रत्याशी जसवंत सिंह से था। श्योकंद को 80.31 तथा उनके प्रतिद्वंद्वी जसवंत सिंह को 19.69 वोट मिले थे। श्योकंद को 3 लाख 22 हजार 456 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 79 हजार 72 वोट मिले थे। विजेता प्रत्याशी की जीत का अंतर 2 लाख 43 हजार 384 रहा था।

बृजेंद्र ने दुष्यंत को दी थी शिकस्त

भाजपा प्रत्याशी बृजेंद्र सिंह ने वर्ष 2019 में जेजेपी प्रत्याशी दुष्यंत चौटाला को 3 लाख 14 हजार 68 वोटों से करारी शिकस्त दी थी। हिसार लोकसभा सीट के इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। बृजेंद्र सिंह को 6 लाख 3 हजार, 289 वोट मिले, जबकि दुष्यंत चौटाला को 2 लाख 89 हजार 221 वोटों से संतोष करना पड़ा था। हिसार से कांग्रेस प्रत्याशी भव्य बिश्नोई अपनी जमानत तक नहीं बचा पाए। भव्य को 1 लाख 84 हजार 369 वोट मिले थे।

कुलदीप 6337 वोटों के मार्जन से बने थे सांसद

हिसार लोकसभा सीट पर सबसे कम वोटों के अंतर से जीत का रिकॉर्ड पूर्व सीएम चौधरी भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई के नाम है। वर्ष 2011 के लोकसभा उपचुनाव में हरियाणा जनहित कांग्रेस की टिकट से कुलदीप बिश्नोई ने हिसार से चुनाव लड़ा था। उनका मुकाबला इनेलो प्रत्याशी अजय चौटाला के साथ था। कुलदीप बिश्नोई ने अजय सिंह चौटाला को कांटे के मुकाबले में 6 हजार 337 वोटों के अंतर से हराया था। कुलदीप बिश्नोई को 3 लाख 55 हजार 955 वोट मिले थे, जबकि अजय चौटाला को 3 लाख 49 हजार 618 वोट प्राप्त हुए थे।

5379487