Logo
Manesar Municipal Corporation: हरियाणा निकाय चुनाव से पहले मानेसर नगर निगम के अस्तित्व को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। जानिए पूरा मामला...

Manesar Municipal Corporation: हरियाणा निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की सियासत शुरू हो गई है। ऐसे में अब मानेसर नगर निगम को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इसे कानूनी रूप से अवैध बताया जा रहा है, क्योंकि इसकी कुल आबादी 3 लाख से कम है। नियमों के अनुसार, नगर निगम की आबादी कम से कम 3 लाख होनी चाहिए, जबकि मानेसर नगर निगम की आबादी 1.60 बताई गई है।

सरकारी आयोग के मुताबिक, मानेसर में कुल 97 हजार 76 वोटर हैं, जिसमें से 51 हजार 32 पुरुष वोटर और जबकि महिला वोटरों की संख्या 46 हजार 41 है। साथ ही इनमें 3 ट्रांसजेंडर भी शामिल हैं। बता दें कि मानेसर नगर निगम की जनसंख्या अन्य नगर निगमों से कम होने के साथ ही तीन नगर पालिका परिषदों से भी कम है। इसमें अंबाला सदर (कैंट) नगरपालिका परिषद (1 लाख 78 हजार वोटर), सिरसा नगरपालिका परिषद (1 लाख 60 हजार वोटर) और थानेसर (कुरुक्षेत्र) नगरपालिका परिषद 1 लाख 37 हजार वोटर) शामिल हैं।

पहली बार मानेसर नगर निगम में हो रहा चुनाव

साल 2020 में बीजेपी-जेजेपी सरकार ने मानेसर को हरियाणा का 11वां नगर निगम बनाया। मानेसर नगर निगम की जनसंख्या को लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी से लेकर राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्य निर्वाचन आयुक्त धनपत सिंह से शिकायत की जा चुकी है। लेकिन अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। वहीं, आयोग का कहना है कि इस मामले को लेकर सरकार को फैसला करना है। आयोग का इससे कोई लेना देना नहीं है। बता दें कि साल 2020 में बने मानेसर नगर निगम में पहली बार चुनाव होने वाले हैं।

नगर निगम के लिए 3 लाख की आबादी जरूरी

हरियाणा में नगर निगम बनाने के लिए कुछ क्राइटेरिया बनाए गए हैं। इनमें हरियाणा नगर निगम अधिनियम, 1994 की धारा-3 की उपधारा 2 के मुताबिक, राज्य में नगर निगम बनाने के लिए और उसे कायम रखने के लिए उस निगम क्षेत्र में कम से कम 3 लाख की आबादी होना जरूरी है। जबकि इससे पहले साल 2002 में इसके लिए 5 लाख की जनसंख्या होना आवश्यक था, लेकिन तत्कालीन सीएम ओम प्रकाश चौटाला ने इस नियम में बदलाव करते हुए हरियाणा विधानसभा के जरिए इसकी संख्या को कम करके 5 लाख से 3 लाख कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, हरियाणा सरकार के शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से 20 दिसंबर 2024 को प्रदेश के शासकीय राजपत्र में प्रकाशित एक नोटिफिकेशन में मानेसर नगर निगम में आने वाले क्षेत्र की कुल जनसंख्या 1.60 लाख दर्शाई गई। यह कानूनी रूप से जरूरी आबादी से भी काफी कम है। ऐसे में नगर निगम चुनाव को लेकर अब सवाल उठाए जा रहे हैं। बता दें कि मानेसर नगर निगम चुनाव के लिए 2 मार्च को वोटिंग होगी, जबकि 12 मार्च को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें: भाजपा का घोषणापत्र : महिला वोटर्स को लुभाने के लिए हाउस टैक्स में बड़ी छूट, जमीन पर मालिकाना हक देने समेत यह किए 19 वादे

mp Ad jindal steel jindal logo
5379487