Logo
हरियाणा के भिवानी में एक विवाहिता का शव उसके घर में बने चौबारे में लटका हुआ मिला। मृतका के परिजनों ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले में मृतका के ससुराल पक्ष के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

बहल/भिवानी: सोरड़ा जदीद गांव में एक विवाहिता का शव उसके घर में बने चौबारे में लटका हुआ मिला। मृतका की शादी करीब डेढ साल पहले हुई थी और उसे एक नौ महीने का लड़का है। मृतका के परिजनों ने ससुरालजनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी की दहेज के लिए हत्या की गई है। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर ससुरालपक्ष के लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।

फांसी के फंदे पर लटका मिला शव

बहल क्षेत्र के सोरड़ा जदीद गांव में विवाहिता ममता का शव घर में बने चौबारे में लटका हुआ मिला। मृतका के परिजनों का आरोप है कि उनको घटना की सूचना सीधे नहीं दी गई। उनको घटना की जानकारी उनके किसी अन्य रिश्तेदार के मार्फत मिली। मृतका के पिता रामकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी ममता की शादी करीब डेढ वर्ष पहले 20 जून 2022 को बहल क्षेत्र के सोरड़ा जदीद गांव में सचिन के साथ हुई थी। शादी के बाद करीब नौ महीने पहले उसे लड़का हुआ था। उन्होंने शादी में अपने सामर्थ्य से अधिक पैसे लगाकर बेटी को विदा किया था, लेकिन ससुरालजन उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते रहे। परिजनों का आरोप है कि ससुरालजनों ने उनसे गाड़ी की भी मांग की। उनकी डिमांड पूरी नहीं किए जाने पर उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाता था।

रिश्तेदार के माध्यम से मिली मौत की जानकारी

मृतका के पिता रामकुमार ने आरोप लगाया कि बेटी के ससुरालजनों ने उनको घटना की जानकारी नहीं दी। उनके एक रिश्तेदार के मार्फत उनको यह जानकारी मिली। जब वे सोरड़ा गांव पहुंचे तो उनकी बेटी का शव फंदे से लटका मिला। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद बहल पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव का भिवानी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने बाद शुक्रवार को शव उसके परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर मृतका के ससुर रणधीर, सास गजना, जेठ राजेश व पति सचिन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

5379487