Logo
हरियाणा के सीएम नायब सैनी से पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित किया और भविष्य में भी उच्च प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी।

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से उनके आवास संत कबीर कुटी पर पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित किया और भविष्य में भी उच्च प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी। सरबजोत सिंह और मनु भाकर के साथ उनके माता-पिता और कोच भी उपस्थित रहे। दोनों खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री के साथ पेरिस ओलंपिक में अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री संजय सिंह भी मौजूद रहे।

खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश का मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमेशा हरियाणा के खिलाड़ियों ने राज्य और देश का नाम रोशन किया है। हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर हमें बहुत गर्व है। हरियाणा में खेलों और खिलाड़ियों को सहयोग देने के लिए वर्तमान राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नायब सिंह सैनी ने कहा कि उन्हें दोनों खिलाड़ियों से मिलकर बहुत खुशी हो रही है। मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने पेरिस ओलंपिक में देश के लिए कांस्य पदक जीते हैं। मनु भाकर ने निशानेबाजी में दो कांस्य पदक जीते, जबकि सरबजोत सिंह ने कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। पूरे देश को दोनों खिलाड़ियों पर गर्व है। उन्हें जल्द ही राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

नीरज चोपड़ा को दी बधाई

मुख्यमंत्री ने नीरज चोपड़ा को रजत पदक जीतने पर बधाई दी और कहा कि हॉकी में राज्य के तीन खिलाड़ियों ने कांस्य पदक हासिल किया है। दो प्रतिशत से भी कम आबादी वाले हरियाणा ने एक बार फिर ओलंपिक में देश का नाम रोशन किया है। देश को अब तक मिले 5 पदकों में से 4 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

5379487