Logo
Vinod Barara Murder Case: पानीपत में दिसंबर, 2021 में हुए विनोद बराड़ा हत्याकांड को लेकर पुलिस ने फिर से जांच की। इसके बाद उन्होंने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।  

Vinod Barara Murder Case: हरियाणा के पानीपत में दिसंबर, 2021 में हुए विनोद बराड़ा हत्याकांड में एक बड़ा खुलासा हुआ है। इस मामले में सीआईए थ्री पुलिस टीम ने विनोद की पत्नी निधि और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ के दौरान पता चला कि प्रेम प्रसंग के चलते निधि ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पहले उन दोनों ने मिलकर भठिंडा निवासी विनोद का एक्सीडेंट करवाया था, लेकिन विनोद की किस्मत अच्छी थी इसलिए इस हादसे में उसकी जान बच गई। इसके बाद एक युवक में लगभग ढाई महीने बाद गोली मारकर विनोद की हत्या कर दी। अब जाकर पुलिस के हाथ वो सीसीटीवी फुटेज लग गई है, जिसमें आरोपी नजर आए हैं।

आरोपी ने दी थी धमकी

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दिसंबर 2021 में पानीपत परमहंस कुटिया निवासी वीरेंद्र ने पुलिस को बताया था कि उसका भतीजा विनोद सुखदेव नगर में हॉरट्रोन कंप्यूटर सेंटर चलाता था। 5 अक्टूबर 2021 की शाम को विनोद परमहंस कुटिया के गेट पर बैठा था, तभी पंजाब नंबर की गाड़ी ने विनोद को सीधी टक्कर मार दी। इस हादसे में विनोद की दोनों टांगे टूट गई थी। इसके बाद परिजनों के शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर भठिंडा निवासी वाहन चालक देव सुनार उर्फ दीपक को गिरफ्तार कर लिया था।

15 दिन बाद देव परिजनों के पास समझौते के लिए आया था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया जिस पर देव भड़कते हुए अंजाम भुगतने की धमकी देकर चला गया था। इसके बाद 15 दिसंबर को देव सुनार ने घर में घुसकर विनोद को गोली मार दी थी। आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया गया था और लहूलुहान विनोद को अग्रसेन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने विनोद को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने फिर से शुरू की जांच

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कुछ दिनों उनके पास विनोद बराड़ा के आस्ट्रेलिया में रह रहे भाई ने वॉट्सऐप पर एक मैसेज किया। जिसमें उसने बताया कि विनोद की हत्या में  अन्य आरोपी भी शामिल है। इसके बाद सीआईए थ्री पुलिस ने दोबारा केस फाइल स्टडी की और कोर्ट की अनुमति लेकर फिर से इस केस की जांच शुरू कर दी।

पुलिस जांच के दौरान पता चला की आरोपी देव सुनार की सुमित नाम के युवक से बातचीत थी और सुमित विनोद की पत्नी निधी का काफी करीबी था। 7 जून को पुलिस टीम ने गोहाना निवासी आरोपी सुमित उर्फ बंटू को सेक्टर 11/12 की मार्केट से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पहले विनोद का एक्सिडेंट और बाद में हत्या करवाने का आरोप स्वीकार कर लिया।

पत्नी ने रची हत्या की साजिश

इस पूछताछ के दौरान सुमित ने बताया 2021 में वह पानीपत के एक जिम में ट्रेनर था। विनोद की पत्नी निधी भी वहां जिम करने के लिए आती थी और इस दौरान दोनों की दोस्ती हो गई। जब इस बात का पता विनोद को चला तो पति-पत्नी में कहासुनी हुई। विनोद घर पर निधि से भी झगड़ा किया करता था। इसके बाद निधि ने उसकी हत्या करने की साजिश रची। इसके बाद सुमित ने बताया वह ट्रक ड्राइवर देव सुनार के संपर्क में आया और उसे 10 लाख देने का लालच देकर अपनी साजिश में शमिल कर लिया और विनोद की हत्या करवा दी। 

Also Read: नारनौल में भीषण सड़क हादसा, हाईवे पर ट्रक ने मारी कार को जोरदार टक्कर, बच्ची सहित तीन की मौत

साजिश के अनुसार निधि मार्च 2024 में कोर्ट में अपनी गवाही से मुकर गई। विनोद हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी निधि को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने भी सुमित के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। अब दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 

5379487