Logo
हरियाणा के मंगलवार से शुरू होने वाले बजट सत्र के दौरान विधानसभा की सुरक्षा चौक चौबंद रहेगी। हरियाणा की सीमा पर चल रहे किसान आंदोलन व लोकसभा की घटना से सबक लेते हुए यह निर्णय लिया गया है। दर्शकों को स्कीनिंग के बाद डिजिटल पास जारी किए जाएंगे। पंजाब के साथ साझे सातों रास्ते सत्र के दौरान बंद रहेंगे। सुरक्षा कर्मियों के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे।

चंडीगढ़। लोकसभा में हुई घटना व प्रदेश की सीमा पर पंजाब के किसानों के आंदोलन को देखते हुए मंगलवार से शुरू हो रहे बजट सत्र के दौरान हरियाणा विधानसभा की सुरक्षा चौक चौबंद रहेगी। विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा सत्र के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए। विधानसभा में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के अलावा किसी भी विधायक या मंत्री के सुरक्षा कर्मियों को विधानसभा में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। पंजाब के साथ साझे विधानसभा के सभी सातों रास्ते सत्र के दौरान बंद रहेंगे। दर्शक दीर्धा और प्रेस गलैरी के सामने शीशा लगाया गया है। सोमवार को सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक में यह निर्णय लिए गए।

प्रत्येक व्यक्ति को जारी होगा डिजिटल प्रवेश पत्र 

उन्होंने कहा कि इस बार दर्शक दीर्घा में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को डिजीटल माध्यम से प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। इससे पूर्व संबंधित व्यक्ति की पूरी जानकारी कंप्यूटरीकृत की जाएगी। इसके बाद विधान भवन के बाहर सुरक्षा कर्मचारी बारकॉड से पास की स्क्रीनिंग करेंगे। इससे दर्शक की पूरी जानकारी एलईडी स्क्रीन पर डिस्प्ले होगी। सभी जानकारी प्रामाणित होने के पश्चात ही विधान भवन में प्रवेश मिल सकेगा। इसके लिए हारट्रोन को समुचित दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।

सुरक्षा कर्मियों को नहीं मिलेगी एंट्री 

मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, विधान सभा अध्यक्ष और विधान सभा उपाध्यक्ष के अलावा किसी भी मंत्री या विधायक के साथ उनके सुरक्षा कर्मचारी विधान भवन में प्रवेश नहीं करेंगे। विधान भवन में पंजाब के साथ साझा सभी 7 रास्ते भी बंद किए जा रहे हैं। बैठक में तय हुआ कि विधान सभा के  सत्र के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा प्रबंध पुख्ता किए गए हैं।

संयुक्त समन्वय सुरक्षा कमेटी, ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी होगा 

विधानसभा अध्यक्ष ने हरियाणा, पंजाब और यूटी चंडीगढ़ पुलिस के अधिकारियों की समन्वय कमेटी बनाने के भी निर्देश दिए। इस कमेटी में शामिल अधिकारी व्हट्सअप ग्रुप पर एक दूसरे से जुड़े रहेंगे। इसके साथ ही चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से सत्रावधि के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की जाएगी। किसी भी मामले में कार्रवाई के लिए चंडीगढ़ पुलिस भी मौके पर मौजूद रहेगी।

रोष प्रदर्शन की नहीं होगी अनुमति 

विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि विधान सभा परिसर के बाहर किसी भी प्रकार के रोष प्रदर्शन की अनुमति नहीं रहेगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसके लिए पहले से पूरी तैयारी रखें। बैठक में तय हुआ है कि सत्र के दौरान किसी भी आम या खास को हथियार के साथ प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

राज्यपाल के अभिभाषण से होगा आगाज

विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को कार्य सलाहकार समिति की बैठक भी संपन्न हुई। जिसमें तय हुआ कि बजट सत्र 28 फरवरी तक चलेगा। सत्र की शुरुआत 20 फरवरी को सुबह 11 बजे राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। फिर कुछ देर के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित रहेगी। पुन: कार्यवाही शोक प्रस्ताव से शुरू होगी। फिर राज्यपाल के अभिभाषण पर 21 फरवरी तक चर्चा होगी। 22 को अनुपूरक अनुमान की तीसरी किश्त प्रस्तुत होगी। 23 फरवरी को मुख्यमंत्री मनोहर लाल बजट पेश करेंगे। 24 और 25 फरवरी को तदर्थ समितियां बजट का विस्तृत अध्ययन करेंगी। 26 और 27 को बजट अनुमानों पर चर्चा होगी। 28 को समितियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएंगी। 
 

5379487