Logo
डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह पैरोल मिलने के बाद सिरसा के आश्रम पहुंच गया है। 2017 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब वह डेरा सच्चा सौदा पहुंचे।

Gurmeet Ram Rahim Singh: डेरा सच्चा सौदा के चीफ गुरमीत राम रहीम सिंह एक बार फिर पैरोल पर जेल से बाहर आ गए हैं। खबरों की मानें, तो वह 30 दिनों की पेरोल पर है। जिनमें से 10 दिन उन्हें सिरसा स्थित आश्रम और 20 दिन के लिए यूपी के बागपत के आश्रम में रहना होगा।

जानकारी के मुताबिक, राम रहीम को मंगलवार सुबह करीब 5.30 बजे ही रोहतक की सुनारिया जेल से रिहा कर दिया गया। जिसके बाद वह करीब 7.30 बजे अपने सिरसा स्थित आश्रम पहुंच गए। इस दौरान उनके साथ हनीप्रीत भी नजर आई। ऐसा पहली बार हुआ है जब सजा सुनाए जाने के बाद राम रहीम सिरसा के आश्रम में रहेंगे। फिलहाल, आश्रम में लोगों की एंट्री को बैन कर दिया गया है।

वहीं जब प्रशासन की ओर से डेरे के आस पास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। हालांकि, डेरा प्रमुख को देखने के लिए लोगों को जमावड़ा लगा। लेकिन, पुलिस ने सभी को कंट्रोल कर लिया और मौके से भीड़ को हटा दिया। इसके अलावा फोटोग्राॅफी और वीडियोग्रॉफी बैन कर दी।

आठ साल बाद डेरा सच्चा सौदा पहुंचा राम रहीम

राम रहीम को पंचकूला की स्पेशल CBI कोर्ट ने 25 अगस्त 2017 को साध्वियों से रेप के मामले में दोषी ठहराया था। जिसके बाद कोर्ट ने उसे 20 साल के कारावास की सजा सुनाई थी। वह अभी रोहतक की सुनारिया जेल में अपनी सजा काट रहा है। उसके डेरे से जाने के बाद 8 सालों में डेरे के आस पास का माहौल पूरी तरह से बदल चुका है। अब डेरे में पहले की तरह चहल-पहल और भीड़ भाड़ नहीं रहती है और न ही उनके अनुयायियों में जोश देखने को मिलता है।

क्या बोले राम रहीम के वकील जितेंद्र खुराना

खबरों की मानें, तो राम रहीम के वकील जितेंद्र खुराना ने बताया कि यह पैरोल उन्हें कानून के तहत मिली है। वैसे कानून के हिसाब से उन्हें 70 दिनों की पैरोल दी जा सकती है। इसके साथ ही उनके वकील ने ये भी कहा कि इस पैरोल को किसी राजनीतिक आयोजन या फिर चुनाव से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। बता दें कि इससे पहले राम रहीम हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले पैरोल पर बाहर आए थे। अब उन्हें दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले पैरोल मिल गया है। जिसके बाद से यह चर्चाएं शुरू हो गई है कि चुनावों से पहले ही राम रहीम को पैरोल क्यों मिल जाती है।

ये भी पढ़ें-दिल्ली के बुराड़ी में बड़ा हादसा: चार मंजिला निर्माणाधीन बिल्डिंग गिरने से एक बच्ची समेत 2 की मौत, 10 से ज्यादा घायल

5379487