Logo
Vande Bharat 2.0: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को झारखंड से अलग-अलग स्थानों के लिए 6 नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। जिससे राज्य की रेल कनेक्टिविटी बढ़ेगी।

Vande Bharat 2.0: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) रविवार दोपहर झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे, लेकिन भारी बारिश के कारण उन्हें काफी देर यहीं रुकना पड़ा और खराब मौसम के चलते उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पाया। पीएम मोदी ने कई कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए निपटाए। आज रांची में होने वाला उनका रोड शो भी रद्द करना पड़ा है। प्रधानमंत्री ने टाटानगर जंक्शन रेलवे स्टेशन से 6 नई वंदे भारत ट्रेनों को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई और झारखंड के लोगों को करमा पर्व की शुभकामनाएं दीं।

नई ट्रेनों से टाटानगर में औद्योगिक क्षेत्र को गति मिलेगी: मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य झारखंड का संपूर्ण विकास करना है। ताकि यहां कि युवा, किसान और महिलाओं को लाभ मिले और वे आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि आज देश का हर राज्य वंदे भारत ट्रेन चाहता है। नई ट्रेनों की शुरुआत से टाटानगर में औद्योगिक क्षेत्र को गति मिलेगी। लोगों को बाबा बैजनाथ के दर्शन करने में सुविधा होगी। अन्य राज्यों के साथ झारखंड की रेल कनेक्टिविटी बढ़ी है। हमारी सरकार इस पर विशेष जोर रही है।

बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने टाटानगर में 660 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी और राष्ट्र को समर्पित किया। साथ ही झारखंड में 20 हजार प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए।

15 फरवरी 2019 को शुरू हुई थी वंदे भारत 
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से कहा गया, "वंदे भारत की सेवाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे देशभर में कनेक्टिविटी बेहतर हो रही है। 'मेक इन इंडिया' के तहत स्वदेशी रूप से निर्मित इन ट्रेनों में अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं, जो यात्रियों को लग्जरी और तेज सफर का अनुभव देती हैं।'' बता दें कि वंदे भारत भारत की पहली स्वदेशी सेमी-हाई स्पीड ट्रेन है, जिसकी पहली सेवा 15 फरवरी 2019 को शुरू हुई थी।

नई वंदे भारत ट्रेनें इन रूट्स पर दौड़ेंगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 नई वंदे भारत ट्रेनों को टाटानगर रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाई। ये ट्रेनें तेज और सुरक्षित सफर के साथ यात्रियों को कई आधुनिक सुविधाएं प्रदान करेंगी। वंदे भारत ट्रेन का नया वेरिएंट वंदे भारत 2.0 पहले से भी अधिक उन्नत सुविधाओं जैसे तेज गति, 'कवच' सुरक्षा प्रणाली, एंटी-वायरस तकनीक और वाईफाई से लैस है। ये ट्रेन टाटानगर-पटना, ब्रह्मपुर-टाटानगर, राउरकेला-हावड़ा, देवघर-वाराणसी, भागलपुर-हावड़ा, गया-हावड़ा के बीच चलेंगी।

देश में दौड़ रही हैं 54 वंदे भारत ट्रेनें 
भारतीय रेलवे के मुताबिक, अब तक 54 वंदे भारत ट्रेनें देशभर में चल रही हैं। इन ट्रेनों ने अब तक 36 हजार से अधिक यात्राएं पूरी की हैं और 3.17 करोड़ से ज्यादा यात्रियों को सफर कराया है। रेल मंत्रालय ने कहा, "वंदे भारत एक्सप्रेस सेवाओं के साथ भारतीय रेलवे यात्रा के क्षेत्र में क्रांति ला रही है। ये ट्रेनें 'मेक इन इंडिया' की सफलता का प्रतीक हैं और यात्रा के नए वैश्विक मानक स्थापित कर रही हैं।" भारत के विस्तारित रेल नेटवर्क के साथ यात्रियों को भविष्य में अधिक आरामदायक और सुविधाजनक सफर की उम्मीद है, जो देश की कई आवश्यकताओं को पूरा करेगा।

5379487