Logo
Bhopal Crime: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में महिला प्रताड़ना का खौफनाक मामला सामने आया है। ससुरालवालों ने 16 साल तक महिला को बंधक बनाकर रखा। पुलिस ने शनिवार(5 अक्टूबर) को महिला का रेस्क्यू किया है। पढ़ें पूरी कहानी।

Bhopal Crime: भोपाल में महिला प्रताड़ना का खौफनाक मामला सामने आया है। ससुरालवालों ने अपनी बहू को तालिबानी सजा दी। 16 साल तक महिला को ससुराल में बंधक बनाकर रखा। बंधक बनाकर महिला को प्रताड़ित भी किया। मायके वालों से भी नहीं मिलने दिया। बच्चों से भी दूर रखा। महिला के पिता ने शनिवार(5 अक्टूबर) को पुलिस को सूचना दी। भोपाल की महिला थाना पुलिस ने जहांगीराबाद पुलिस की मदद से महिला को हैवानों के चंगुल से छुड़ाया।

महिला के बयान के बाद पुलिस करेगी कार्रवाई 
महिला की हालत गंभीर है। शारीरिक कमजोरी देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि उसे कोई गंभीर बीमारी है। महिला को ठीक से खाना नहीं दिया है। पुलिस का कहना है कि अभी महिला को बंधक बनाकर रखने की सही वजह पता नहीं चल सकी है। महिला की हालत ठीक होने के बाद बयान लिए जाएंगे। उसके बाद पति समेत सुसराल पक्ष पर कार्रवाई की जाएगी।  

जानें पूरी कहानी
महिला थाना प्रभारी शिल्पा कौरव ने बताया कि नरसिंहपुर निवासी किशन लाल साहू की बेटी रानू साहू की शादी 2006 में जहांगीराबाद में हुई थी। 2008 के बाद के किशन लाल को उनकी बेटी से ससुराल वालों ने मिलने नहीं दिया। ससुराल वाले बेटी को प्रताड़ित कर रहे हैं। बंधक बनाकर रखा था। पड़ोसियों से इसकी जानकारी किशन लाल को लगी।

महिला बोल तक नहीं पा रही 
बेटी की प्रताड़ना की जानकारी लगने के बाद मायके पक्ष ने महिला थाना पुलिस को शिकायती आवेदन दिया। शनिवार शाम पुलिस रानू के ससुराल पहुंची। महिला घर के अंदर एक कमरे में पलंग पर पड़ी मिली। कमजोरी की वजह से बोल नहीं रही थी। पुलिस ने रेस्क्यू कर उसे इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। उसका इलाज चल रहा है।

बीमारी का नहीं कराया इलाज 
महिला के पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी बीमार रहती थी। सालभर पहले तक उसने महिला का इलाज कराया। इलाज में आराम नहीं मिला। घर की आर्थिक स्थित ठीक नहीं होने के कारण महिला का इलाज कराना बंद कर दिया। बीमारी बढ़ती गई। पत्नी काफी कमजोर हो गई। हालांकि, पति ने इलाज के अब तक कोई दस्तावेज नहीं दिए हैं। जिससे कि यह साबित हो सके कि वह इलाज करा रहा था।

पुलिस महिला के बच्चों से संपर्क कर रही 
महिला थाना प्रभारी ने बताया कि रेस्क्यू की गई महिला का पति कॉस्मेटिक की दुकान चलाता है। बेटा-बेटी बाहर हैं। महिला की उम्र 38 साल है। पुलिस महिला के बच्चों के संपर्क करने का प्रयास कर रही है। जिससे कि हकीकत पता चल सके। पुलिस सास-ससुर के भी बयान दर्ज करेगी।

5379487