Bhopal News in Brief, 16 March: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सियासत, साहित्य और संस्कृति से जुड़ी रोजाना कई खबरें हमारे ध्यान में होती हैं। हरिभूमि के 'भोपाल टूडे न्यूज' सेगमेंट में भोपाल से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और भोपाल शहर की हर खबर से जानकारी को बढ़ाएं।

भोपालवासियों के लिए जरूरी खबरें ; Bhopal Today Live

छुट्‌टी वाले दिन भी खुले रहेंगे बिजली बिल भुगतान केंद्र
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यक्षेत्र के अंतर्गत जिलों में छुट्‌टी वाले दिन भी बिजली बिल भुगतान केंद्र खुले रहेंगे। 15 मार्च (शनिवार), 16 मार्च (रविवार), 19 मार्च (रंगपंचमी), 22 मार्च (शनिवार), 23 मार्च (रविवार) और 31 मार्च (ईद-उल-फितर) को खुले रखे जाएंगे। यहां ऑफलाइन बिल जमा किए जा सकते हैं। उपभोक्ता ऑनलाइन भी बिल भरकर राहत पा सकते हैं।

विंध्य एकता परिषद का होली मिलन आज 
भोपाल में विंध्य एकता परिषद का होली मिलन समारोह 16 मार्च को मयूर पार्क में होगा। लिंक रोड-1 स्थित मयूर पार्क में शाम 3 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में भोपाल और आसपास रहने वाले सैकड़ों विंध्यवासी शामिल होंगे। प्रदेशाध्यक्ष वंदना द्विवेदी ने बताया, गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।  

भूमिहार ब्राह्मण समाज का होली मिलन आज 
भूमिहार ब्राह्मण समाज का होली मिलन समारोह 16 मार्च को अरेरा हिल्स में होगा। इसमें फूलों की होली, भोजपुरी फाग गायन सहित अन्य आयोजन होंगे। भूमिहार ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष मिथिलेश राय ने बताया, होली मिलन समारोह में हर्बल गुलाल और फूलों से होली खेली जाएगी।

कांशीराम जयंती पर कार्यक्रम आज 
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संस्थापक कांशीराम की जयंती पर प्रदेशभर में कार्यक्रम हो रहे हैं। रविवार शाम 4 बजे से भोपाल के करोंद इलाके में बहुरी पीपल्स यूनिवर्सिटी के सामने शुभ बिजनेस ज़ोन स्थित अकेला कैफे में विचार गोष्ठी होगी। इसमें उनके संघर्षों और विचारों को स्मरण किया जाएगा। 

भोपाल में बढ़ेंगे जमीन के दाम
भोपाल के 2 हजार से अधिक लोकेशन में जमीन के दाम 18 फीसदी तक बढ़ गए हैं। प्रॉपर्टी रेट में सर्वाधिक उछाल उस इलाके में आया है, जहां सिक्स लेन और बायपास का निर्माण प्रस्तावित है। कलेक्टर गाइडलाइन के मुताबिक, पिछले 15 साल में जमीन के दामों में यह सर्वाधिक बढ़ोत्तरी है। सांसद-विधायकों ने इस पर आपत्ति जताई है। 19 मार्च तक आमजन भी दावे आपत्ति कर सकते हैं।  

बीफार्मा की परीक्षा 20 से
राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) की बीफार्मा प्रथम व तृतीय वर्ष की परीक्षाएं 20 मार्च से होंगी। भोपाल में 50 और एमपी में 179 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 20 मार्च से शुरू होकर 3 अप्रेल तक चलेंगी। वहीं थर्ड सेमेंस्टर की परीक्षाएं 22 मार्च से शुरू होकर 5 अप्रेल तक चलेंगी। परीक्षाओं का समय सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक रहेगा।

वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति के मतदान 23 को
वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति अयोध्या नगर भोपाल के त्रिवार्षिक (2025-2028) चुनाव 23 मार्च को होंगे। सचिव राजा राम जैन ने बताया, फॉर्म प्राप्ति 15 मार्च 2025 से और जमा 20 मार्च तक और नाम वापसी दिनांक 22 मार्च तक की जा सकेगी। फॉर्म की प्राप्ति, जमा सायंकाल 6 बजे से 8 बजे तक चुनाव दिनांक 23 मार्च समय सुबह 10 बजे से 1 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इसी दिन शाम 6 बजे परिणाम की घोषणा की जाएगी। सभी कार्य के लिए स्थाल वाचनालय डी-सेक्टर अयोध्या नगर भोपाल रहेगा। 

बैंक में 24-25 मार्च को राष्ट्रव्यापी हड़ताल 
बैंकों में 24 और 25 मार्च को देशव्यापी हड़ताल होगी। सप्ताह में 5 दिवसीय वर्किंग-डे, आउटसोर्सिंग बंद करने और रिक्त पदों पर नियुक्ति सहित अन्य मांगों को लेकर देशभर के बैंक कर्मचारी आंदोलन करेंगे। मंगलवार को केनरा बैंक, इंडियन बैंक, यूको बैंक, बैंक आफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक के प्रशासनिक कार्यालयों के सामने जोरदार प्रदर्शन हुआ। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस मप्र के कोऑर्डिनेटर वीके शर्मा ने बताया, देशभर के 10 लाख बैंक कर्मचारी इन मांगों के समर्थन में 24 और 25 मार्च को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल करेंगे।

यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश [MP] की बड़ी खबरें एक साथ, एक क्लिक में पढ़ें

माध्यमिक, प्राथमिक शिक्षक‎ भर्ती परीक्षा 15 अप्रैल से
मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ‎(ईएसबी) ने माध्यमिक और‎ प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा ‎2025 की तारीख में बदलाव किया‎ है। 20 मार्च‎ से होने वाली ये परीक्षाएं अब 15 अप्रैल से होंगी। माध्यमिक‎ शिक्षक (विषय-खेल, संगीत-गायन ‎वादन), प्राथमिक शिक्षक (खेल,‎ संगीत-गायन वादन और नृत्य) के ‎पदों के लिए परीक्षा होगी। दोनों विभाग में 10 हजार 758‎ पदों पर शिक्षकों की भर्ती की‎ जाएगी।