Logo
Bhopal News in Brief, 17 March: भोपाल में सोमवार (17 मार्च) को कहां-क्या हो रहा है। आपके काम की हर जानकारी यहां (haribhoomi.com) पर एक क्लिक पर मिलेगी। आइए नजर डालते हैं राजधानी की छोटी-बड़ी खबरों पर...।

Bhopal News in Brief, 17 March: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सियासत, साहित्य और संस्कृति से जुड़ी रोजाना कई खबरें हमारे ध्यान में होती हैं। हरिभूमि के 'भोपाल टूडे न्यूज' सेगमेंट में भोपाल से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और भोपाल शहर की हर खबर से जानकारी को बढ़ाएं। 

भोपालवासियों के लिए जरूरी खबरें ; Bhopal Today Live

भोपाल के इन इलाकों में आज बिजली कटौती 
राजधानी भोपाल के 20 से ज्यादा क्षेत्रों में सोमवार को बिजली गुल रहेगी।  क्रिस्टल आइडियल, देवबाबा और आसपास क्षेत्र में सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक बिजली कटौती होगी। होशंगाबाद रोड, सागर रॉयल, नंदन पैलेस, फॉरच्यून ग्लोरी, चिनार फॉरच्यून और आसपास क्षेत्र में सुबह 11 से 11:30 बजे तक और दोपहर 3 से 3 बजे तक बिजली गुल रहेगी। जय कृष्ण एजुकेशन सोसाइटी धर्म कांटा, मालीखेड़ी, शबरी नगर, पिपलिया बाज खा, विजय नगर, पटेल नगर, शुक्ला फॉर्म हाउस, विजय मार्केट, बिहारी बस्ती और आसपास क्षेत्र में सुबह 10 बजे से शाम 04 बजे तक बिजली गुल रहेगी। 

राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल 24-25 मार्च को होगी
पांच दिवसीय बैंक सप्ताह के मुद्दे पर हुई सहमति को लागू करने, नियमित कार्यों की आउटसोर्सिंग बंद करने और बैंकों में लाखों रिक्त पदों को अविलंब भरने जैसी मांगों को लेकर देशभर के बैंक कर्मचारी आंदोलन की राह पर है। राजधानी में भी बैंक कर्मी लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने केनरा बैंक, इंडियन बैंक, यूको बैंक, बैंक आफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक के प्रशासनिक कार्यालयों के सामने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन कर सभाएं की। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस मप्र के कोऑर्डिनेटर वीके शर्मा ने बताया कि देशभर के 10 लाख बैंक कर्मचारी और अधिकारी अपनी मांगों के समर्थन में 24 और 25 मार्च को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल करेंगे। 

वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति के मतदान 23 को
वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति अयोध्या नगर भोपाल के तृय वार्षिक(2025-2028) चुनाव की घोषणा की जा चुकी है। वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति के सचिव राजा राम जैन ने बताया कि फॉर्म प्राप्ति दिनांक 15 मार्च 2025 से और जमा 20 मार्च तक और नाम वापसी दिनांक 22 मार्च तक की जा सकेगी। फॉर्म की प्राप्ति, जमा सायंकाल 6 बजे से 8 बजे तक चुनाव दिनांक 23 मार्च समय सुबह 10 बजे से 1 बजे तक वोट डाले जाएंगे। साथ ही इसी दिन सायंकाल 6 बजे परिणाम की घोषणा की जाएगी। सभी कार्य के लिए स्थाल वाचनालय डी-सेक्टर अयोध्या नगर भोपाल रहेगा। 

बीफार्मा की परीक्षा 20 से
राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) की बीफार्मा प्रथम व तृतीय वर्ष की परीक्षाएं 20 मार्च से शुरू होंगी। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 20 मार्च से शुरू होकर 3 अप्रेल तक चलेंगी। वहीं थर्ड सेमेंस्टर की परीक्षाएं 22 मार्च से शुरू होकर 5 अप्रेल तक चलेंगी। परीक्षाओं का समय सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक रहेगा। परीक्षाओं के लिए राजधानी में 50 और प्रदेश में 179 परीक्षा केंद्र तैयार किए हैं। परीक्षाओं में करीब चीस हजार विद्यार्थी शामिल होंगे।

शौर्य स्मारक में सैन्य फिल्मों का प्रदर्शन
शौर्य स्मारक में सैन्य फिल्मों का प्रदर्शन चल रहा है। सोमवार शाम 4 बजे फिल्म रेडी फॉर एक्शन का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए शौर्य स्मारक का टिकट लेना अनिवार्य होगा। इधर श्यामला हिल्स स्थित जनजातीय संग्रहालय में शालका चित्र प्रदर्शनी 28 मार्च तक चलेगी। एग्जीबिशन में भील चित्रकार पायल मेड़ा के चित्रों को प्रदर्शित किया जाएगा।

मानव संग्रहालय का समय बदला 
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय घूमने के समय में परिवर्तन किया गया है। संग्रहालय की समस्त मुक्ताकाश एवं अंतरंग भवन स्थित प्रदर्शनियां 31 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 11 से शाम 6.30 बजे तक खुली रहेंगी। संग्रहालय प्रत्येक सोमवार एवं राष्ट्रीय अवकाश पर बंद रहेगा।
 

5379487