Logo
Bhopal News: अवैध कॉलोनियों को लेकर जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्ती शुरू कर दी है। जिसके तहत मंगलवार को कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने छह कॉलोनियों में रजिस्ट्री पर रोक लगा दी है।

Bhopal News: अवैध कॉलोनियों को लेकर जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्ती शुरू कर दी है। जिसके तहत मंगलवार को कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने छह कॉलोनियों में रजिस्ट्री पर रोक लगा दी है। इसके साथ कॉलोनाइजर को नोटिस देकर जवाब तलब किया है। यह कार्रवाई हुजूर एसडीएम आशुतोष शर्मा के प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। यह कॉलोनियां पिपलिया जाहिरपीर, सेवनिया ओंकारा, अरेड़ी, छावनी पठार और सिंकदराबाद में हैं। कलेक्टर ने छह जून तक बिल्डर को जवाब पेश करने का समय दिया है। दरअसल, सात मई को चुनाव होने के बाद जिला प्रशासन ने अवैध कॉलोनियों पर सख्ती शुरु कर दी है।

हुजूर एसडीएम ने क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों को लेकर जांच अभियान शुरु किया है। जिसके तहत कॉलोनाइजर्स से विकास अनुमति, कॉलोनाइजर रजिस्ट्रेशन, टीएंडसीपी की अनुमति, डायवर्जन की जांच की जा रही है। अरेड़ी गांव में दो कॉलोनियां विजासेन के नाम से काटी जा रही हैं, जिसमें पुरुषोत्तम सिंह और नीलेश शुक्ला ने 0.999 हेक्टेयर और मुकेश पाल ने 1.667 हेक्टेयर में विजार्सन नाम से कॉलोनी काटी है। जहां प्लॉट की बिक्री की जा रही है। मुकेश ने पिपलिया जाहिरपीर में भी 1.667 हेक्टेयर एरिया में एक कॉलोनी काटी है। जिसकी विकास अनुमति सहित अन्य परमीशन नहीं है।

कलेक्टर की परमीशन से होगी रजिस्ट्री
कलेक्टर ने अवैध कॉलोनियों को लेकर सख्ती के मामले में वरिष्ठ जिला पंजीयक को भी पत्र लिखा है, जिसमें बताया गया है कि इन जगहों पर अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। ऐसे में इन जगहों की रजिस्ट्री कराने से पहले परमीशन ली जानी चाहिए।

इन्हें भी भेजे नोटिस
कलेक्टर ने विनोद यादव को ग्राम सेविनया ओंकार में 1959 हेक्टेयर में अवैध कॉलोनी काटने पर नोटिस दिया है। इसी तरह अनुज साहू को छावनी पठार में 2430 हेक्टेयर एरिया और हेमंत गड़ठीया और सुनील प्रसाद को सिकंदराबाद में 1376 एरिया में कॉलोनी काटने पर नोटिस दिया है।

अवैध कॉलोनी काटी तो होगी सख्ती
भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि आम लोगों को सस्ते प्लॉट का लालच देकर अवैध कॉलोनियों को काटने वाले कॉलोनाइजर पर सख्ती की जाएगी। इसके साथ ही सभी एसडीएम को निगरानी की हिदायत दी गई है।
 

5379487