Rewa Crime News: चरित्र शंका को लेकर देवर ने भाभी से झगड़ा कर लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने भतीजियों के सामने उनकी मां का गला रेतकर मार डाला। इतना ही नहीं युवक ने दोनों बच्चियों की भी चाकू से गोदकर हत्या कर दी। भाभी और दो भतीजियों का बेरहमी से कत्ल करने के बाद आरोपी ने बच्चियों के शव बोरी में भरकर तालाब में फेंक दिए। महिला का शव घर में मिला है। ट्रिपल मर्डर का सनसनीखेज मामला रीवा के गोविंदगढ़ में ईदगाह का है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। तालाब में फेंकी गई बच्चियों के शव नहीं मिले हैं।

पति विशाखापट्टनम में करता है मजदूरी
पुलिस के मुताबिक, मृतक महिला हसीना खान (28) का पति परवेज खान विशाखापट्टनम में मजदूरी करता है। महिला बच्चों के साथ ससुराल वालों के साथ गोविंदगढ़ के ईदगाह में रहती थी। हसीना का देवर शाहबाज अपनी भाभी के चरित्र पर शक करता था। शनिवार को परिवार के सभी लोग गुढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। तभी देवर अपनी भाभी हसीना से चरित्र शंका को लेकर विवाद करने लगे। दोनों के बीच कहासुनी हुई तो आरोपी देवर ने हसीना खान और उसकी दो मासूम बच्चियों आलिया खान (3), अनाया खान (2) की हत्या कर दी। 

आरोपी की नहीं हुई है शादी 
पुलिस के मुताबिक, महिला का बड़ा देवर फरियाद खान अपनी मां इमामुन निशा को लेकर शादी में जबलपुर गया हुआ था। पिता मुर्तजा गोविंदगढ़ में किराना दुकान करते हैं। वे दुकान पर थे। आरोपी शाहबाज घर पर ही था। शाहबाज की शादी नहीं हुई है। शनिवार शाम शाहबाज का भाभी से झगड़ा हुआ। उसने स्टील की रॉड भाभी के सिर पर मार दी। महिला नीचे गिर पड़ी। इसके बाद आरोपी किचन से चाकू उठा लाया। भतीजियों के सामने उनकी मां का गला रेता। बाद में चाकू से गोदकर बच्चियों को भी मार डाला।