Logo
MP में 16वीं विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन सदन में पहले अवैध खनन को लेकर विपक्ष ने हंगामा किया। इसके बाद लाड़ली बहना का मुद्दा गरमाया। फिर पूर्व पीएम नरसिम्हा राव को भारत रत्न देने पर सरकार और कांग्रेस के विधायकों के बीच बहस हुई। 

भोपाल। मध्यप्रदेश में 16वीं विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही शुक्रवार को शुरू हुई। अवैध खनन को लेकर विपक्ष ने हंगामा किया। सरकार ने विपक्ष के सभी सवालों के जवाब दिए। इसके बाद 30,265 करोड़ के अनुपूरक बजट पर सदन में चर्चा शुरू हुई। कुछ देर के लिए लाड़ली बहना का मुद्दा गरमाया। फिर पूर्व पीएम नरसिम्हा राव को भारत रत्न देने पर सरकार और कांग्रेस के विधायकों के बीच बहस हुई। 

नरसिम्हा को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच बहस 
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भारत रत्न देने में प्रधानमंत्री मोदी ने पक्षपात नहीं किया। विपक्ष के लोगों को भी भारत रत्न देने का काम किया। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय नरसिम्हा राव भी शामिल हैं। इस पर बाला बच्चन ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने नरसिम्हा राव को प्रधानमंत्री बनाने का काम किया है। विजयवर्गीय ने फिर कहा कि पूर्व जब प्रधानमंत्री राव की मृत्यु हुई और उनका पार्थिव शरीर कांग्रेस कार्यालय ले जाया जा रहा था तो कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने उनका पार्थिव शरीर कांग्रेस कार्यालय ले जाने से रोक दिया था। यह उनका अपमान था। इसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों की राव नरसिम्हा को लेकर बहस छिड़ गई। 

मुंह देखकर विकास के काम कराए 
कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने मुंह देखकर विकास के काम कराए हैं। बीजेपी सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की बात करती है। अनुपूरक बजट में ही विश्वास को तोड़। लाड़ली महिलाओं को ₹3000 देने की बात करने वाली बीजेपी अब तक इस पर अमल नहीं कर सकी है। हर महीने लाड़ली बहनों की संख्या घटती जा रही है। रावत ने कहा कि सरकार लगातार कर्ज ले रही है और आज हर व्यक्ति पर 50000 का कर्ज हो गया है। 

सरकारी भर्ती पर सवाल-जवाब 
विधायक नितेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा हर साल नौजवान भर्ती के लिए तैयारी करते हैं, लेकिन भर्ती नहीं होती। बेरोजगार घूमते हैं। सरकार भर्ती नहीं कर सकती तो स्पष्ट मना कर दे, युवाओं को छलने का काम न करें। मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने विधायक राठौर के सवाल पर कहा कि भर्ती में थोड़ा विलंब हुआ है, लेकिन सरकार लगातार प्रयास कर रही है। पदोन्नति पर न्यायालय की रोक है, लेकिन इसका समाधान निकाला जा रहा है। 

अवैध खनन पर बहस 
विधायक भंवर सिंह शेखावत: रेत और खनन माफिया न प्रशासन को और न ही शासन को मानता है। इस पर तुलसी सिलावट बोलना चाहते थे लेकिन विधायक शेखावत ने तुलसी को कहा कि आप बैठिए। उनके क्षेत्र में खनन करने वाला आपका मित्र है। मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा अवैध खनन को रोकने के लिए कैमरे लगाएंगे। मुख्यमंत्री ने इसका निर्णय लिया है। इससे अवैध खनन रोकने पर मदद मिलेगी।

5379487