CM Mohan Yadav : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती समारोह के मौके पर होल्कर राजवंश के शासनकाल के ऐतिहासिक दस्तावेजों के प्रकाशन की बात कही है। साथ ही प्रदेश के कॉलेजों और स्कूलों में अहिल्याबाई से संबंधित पुस्तकों को विद्यार्थियों को पढ़ाए जाने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।

डिजिटल प्रकाशन की मांग
जयंती समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव से मराठी लिपि में लिखे गए होल्कर राजवंश के शासनकाल के दस्तावेजों के कई भाषाओं में अनुवाद कराने की भी मांग की गई। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने यह मांग करते हुए देवी अहिल्याबाई के जीवन प्रसंगों का जिक्र किया। होल्कर राजवंश के इतिहास को डिजिटल प्रकाशन कराने की मांग इंदौर के लोगों ने सरकार से की है। 

4 धामों और 12 ज्योतिर्लिंगों में कराए निर्माण 
लोकसभा चुनाव के चलते आदर्श आचार संहिता लागू होने पर मुख्यमंत्री मोहन  यादव ने इस पर कोई घोषणा नहीं की। हालांकि, मुख्यमंत्री यादव ने इस मांग पर अपनी सहमति व्यक्त कर दी है। मुख्यमंत्री ने अहिल्याबाई के जीवन परिचय पर बात करते हुए कहा कि देशभर के 4 धामों और 12 ज्योतिर्लिंगों में देवी अहिल्याबाई होल्कर द्वारा निर्माण कार्य किए गए।

मोहन भागवत ने सुनाए अहिल्याबाई के जीवन प्रसंग 
सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत ने होल्कर राजवंश की बात करते हुए अहिल्याबाई के जीवन प्रसंग से अवगत कराया। देशहित और राष्ट्रनिर्माण में होल्कर राजवंश के योगदान से रूबरू कराया। शास्त्रीय नृत्यांगना और राज्यसभा सदस्य डॉ. सोनल मानसिंह ने अहिल्याबाई होल्कर के नाम से दिल्ली में कुछ प्रमुख स्थल, पार्क और सड़क का नाम उनके नाम पर रखने की अपनी मंशा व्यक्त की।