Logo
Damoh Triple murder: मध्यप्रदेश के दमोह में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। पुरानी रंजिश के चलते होमगार्ड जवान और उसके दो बेटों को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। 

Damoh Triple murder: पुरानी रंजिश में होमगार्ड जवान और उसके दो बेटों की परिवार के लोगों ने दर्दनाक हत्या कर दी। होमगार्ड जवान को घर पर तलवार से काट डाला। होमगार्ड के बेटों की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या की गई। ट्रिपल मर्डर से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई है। घटना दमोह के देहात थाना क्षेत्र के बांसा तारखेड़ा गांव का है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

जानें पूरा मामला 
पुलिस के मुताबिक, होमगार्ड जवान रमेश विश्वकर्मा का उसके ही परिवार के लोगों से विवाद चल रहा था। एक महीने पहले भी उनके बीच विवाद हुआ था। आरोपियों ने सोमवार को रमेश विश्वकर्मा को घर के अंदर धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के वक्त रमेश के बेटे उमेश (23) और विक्की (24) दमोह से बाइक से लौट रहे थे। आरोपियों ने उनको बीच सड़क पर गोली मार दी। दोनों की सड़क पर ही मौत हो गई।

चाचा को कॉलर पकड़कर धमकाया 
जानकारी के मुताबिक, होमगार्ड रमेश विश्वकर्मा को उसके चाचा राजेंद्र  ने अपने घर पर बुलाया। दोनों घर पर बात कर रहे थे, तभी गोलू विश्वकर्मा, राजा विश्वकर्मा और सजल विश्वकर्मा आ गए। राजेंद्र ने रमेश को अपने घर में छिपा दिया। आरोपियों ने राजेंद्र की कॉलर पकड़कर सिर पर बंदूक अड़ा दी और जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद घर में घुसकर रमेश की तलवारों से हत्या कर दी। फिर आरोपी सड़क की ओर भागे, दमोह से बाइक से लौट रहे उमेश और विक्की को गोली मार दी।

दोनों परिवारों के बीच कई बार विवाद
जानकारी के मुताबिक, कुछ महीने पहले रमेश ने राजा विश्वकर्मा से मारपीट की थी, तभी से दोनों  परिवारों के बीच खुन्नस थी। एक महीने पहले रमेश का मवेशी को लेकर फिर विवाद हो गया था। बता दें कि मृतक और आरोपी सभी परिवार के ही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अभी तक आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं।

CH Govt hbm ad
5379487