Logo
Election Results 2024: मध्यप्रदेश की 29 की 29 लोकसभा सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। पूर्व सीएम कमलनाथ का गढ़ कही जाने वाली छिंदवाड़ा सीट नकुलनाथ हार गए। भाजपा प्रदेश कार्यालय में जश्न का माहौल है।

Election Results 2024: मध्यप्रदेश की 29 की 29 लोकसभा सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। पूर्व सीएम कमलनाथ का गढ़ कही जाने वाली छिंदवाड़ा सीट नकुलनाथ हार गए। भाजपा प्रदेश कार्यालय में जश्न का माहौल है। शाम होते ही भाजपा ऑफिस में ढोल-बाजों के साथ जश्न शुरू हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल सीट से बड़ी जीत पर आलोक शर्मा को बधाई दी। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, कृष्णा गौर, विश्वास सारंग सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

आलोक शर्मा की जीत 
भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा ने 5 लाख 1499 वोटों से जीत दर्ज की है। उन्हें 9 लाख 81 हजार 109 वोट मिले हैं। जबकि कांग्रेस कैंडिडेट अरुण श्रीवास्तव को 4 लाख 79 हजार 610 वोट प्राप्त हुए। नोटा को 6629 वोट मिले। सभी प्रत्याशियों को मिलाकर 14 लाख 91 हजार 664 वोट गिने गए। भोपाल लोकसभा सीट से कुल 22 कैंडिडेट्स मैदान में थे।

8 सीटें चार लाख से अधिक वोटो से जीती
सीएम डॉ. मोहन यादव ने भाजपा कार्यालय में आयोजित विजय उत्सव कार्यक्रम में कहा कि प्रदेश की 29 की 29 सीटों पर जीत हुई है। अब कुछ बचा ही नहीं। इसके साथ ही इंदौर और विदिशा में जीत के रिकॉर्ड भी बनाएं है। आठ सीटें चार लाख से अधिक मतों से जीती है। इस बार छप्पड़ फांड जीत दर्ज की है। छिंदवाड़ा में एक लाख से अधिक मतों से जीत दर्ज की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इतिहास बना है। वह तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे है। 

 ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जताया आभार
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सिंधिया ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- गुना लोकसभा क्षेत्र के मेरे सभी परिवारजनों को कोटि-कोटि प्रणाम। यह ऐतिहासिक जीत आपको समर्पित करता हूँ। आप सभी ने फिर एक बार अपने बेटे को आशीर्वाद देकर जनसेवा के संकल्प को मजबूत किया है।

आपके समर्थन के दम पर ही मैंने गुना से चुनाव लड़ने का संकल्प लिया था जो फलीभूत हुआ है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व और क्षेत्र के परिवारजन के आशीर्वाद ने मुझे गुना का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य दिया है। आपकी आशाओं और आकांक्षाओं पर खरा उतरने का प्रति पल प्रयास करंगा।

कांग्रेस ने हार स्वीकार की 
इधर, पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने हार स्वीकार ली है। कमलनाथ का गढ़ माने जाने छिंदवाडा में कांग्रेस उम्मीदवार नकुल नाथ हार गए। वहीं, राजधानी भोपाल में भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा की जीत की बधाई के होर्डिंग लगने शुरु हो गए हैं। आलोक शर्मा ने शहरवासियों का धन्यवाद व्यक्त किया है।

5379487