Logo
Lok Sabha Chunav 2024: रीवा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने बड़ी बात कही है। किसानों के हित में बात करते हुए राजनाथ ने कहा कि मैं कोई बड़ा बाबू नहीं हूं। कोई मैं राजा महाराजा नहीं हूं। मैं किसान हूं इसलिए किसानों को समझता हूं।

Lok Sabha Chunav 2024: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज रीवा और सतना दौरे पर हैं। राजनाथ सिंह रीवा पहुंच गए हैं।मऊगंज के देवतालाब में राजनाथ सिंह बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा कर रहे हैं। सभा को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा। ग्रोथ का इंजन बन गया है। एक देश, एक चुनाव होना चाहिए। राजनाथ ने कहा कि भाजपा ने आज तक जनता की आखों में धूल झोंककर राजनीति नहीं की। कुछ गलत कहूंगा तो अखबार में छाप देना। हम जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं।

कांग्रेस जंग लगा लोहा है तो भाजपा 24 कैरेट सोना 
सतना के नागौद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के पास 50 साल का समय कम था, जो ये भारत को शिखर तक नहीं ले जा सके। कांग्रेस जंग लगा लोहा है तो भाजपा 24 कैरेट सोना है। हम जो कहते हैं, वो करते हैं। हम भारत को विश्व की अर्थशक्ति बनाएंगे। 

वो दिन दूर नहीं जब भारत विश्व में सुपर बनेगा 
राजनाथ ने कहा कि धन-दौलत, इकोनॉमी के मामले में हमारा भारत दुनिया में 11वें स्थान पर था। आज वही भारत दुनिया में 5वें स्थान पर है। 2024 के खत्म होते ही हम टॉप 3 कंट्री में आकर खड़े हो जाएंगे। राजनाथ ने कहा कि जिस तेजी से विकास हुआ है, उसे देखकर भारत के प्रति लोगों की धारण बदल गई है। लोग मानते हैं कि वो दिन दूर नहीं जब भारत विश्व में सुपर बन जाएगा। विश्व की कोई आर्थिक शक्ति बनेगा तो वो भारत बनेगा। 

कुछ गलत कहूंगा तो अखबार में छाप देना 
मैं दिल्ली से आ रहा था तो इलाहाबाद एयरपोर्ट पर उतरा और थोड़ी देर के लिए रेस्टरूम चला गया। वहां मैंने एक समाचार पत्र पढ़ा। समाचार पत्र में दुनिया के सबसे शक्तशाली देश अमेरिका के एंबेसडर का स्टेटमेंट छपा था। एंबेसडर ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि आप भविष्य देखना चाहता हैं तो भारत आएं, भविष्य को महसूस करना चाहते हैं तो भारत आएं। यदि आप भविष्य पर काम करना चाहते हैं तो भारत आएं। यह दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश के राजदूत ने कहा है। भाजपा ने आज तक जनता की आखों में धूल झोंककर राजनीति नहीं की। कुछ गलत कहूंगा तो अखबार में छाप देना। हम जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं।

मेरे मन में भी यह शंका थी
राजनाथ ने कहा कि मैं देश के किसी भी कोने में जाता था तो लोग कहते थे कि मध्यप्रदेश में 2003 से भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। लेकिन इस बार चुनाव में मामला डामाडोल है, भाजपा की सरकार मध्यप्रदेश में नहीं बन पाएगी। ईमानदारी से कह रहा हूं कि मेरे मन में भी यह शंका थी। लेकिन जब मैं मध्यप्रदेश में सभाओं को संबोधित करने आया और यहां से लौटने के बाद मेरी प्रधानमंत्री जी से बात हो रही थी तो मैंने प्रधानमंत्री जी से कहा कि भारी भरकम बहुमत से मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। आप लोगों ने विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की झोली भर दी। 

पांच साल में दो बार चुनाव होना चाहिए
राजनाथ ने आगे कहा कि पिछले बार सिंगरौली और सीधी में सभाओं को संबोधित करते समय मैंने एक चिंता व्यक्त की थी। मैं कहा कि चार महीने पहले मध्यप्रदेश के लोगों ने वोट डाला है, चार महीने बाद फिर से वोट डालेंगे। मैंने कहा था कि एक देश एक चुनाव( One Nation one Election) होना चाहिए। एक ही बार में सब निपट जाना चाहिए। शेष जो स्थानीय निकाय के चुनाव  हैं, वो एक बार में निपट जाने चाहिए। पांच साल में दो बार चुनाव होना चाहिए इससे ज्यादा नहीं होने चाहिए। 

कोई मैं राजा महाराजा नहीं हूं। मैं सामान्य किसान हूं
राजनाथ ने आगे कहा कि मैं भी किसान हूं। कोई मैं बहुत बड़ा बाबू नहीं हूं। कोई मैं राजा महाराजा नहीं हूं। मैं सामान्य किसान हूं। इसलिए किसानों के लिए एक बात कह रहा हूं। सरकार सवा लाख करोड़ रुपए खर्च करके देश में किसानों के लिए 700 से अधिक भंडार गृह  यानी godown बनाने जा रही है। godown इसलिए सरकार बना रही है क्योंकि फसल पैदा होते ही किसान आनन-फानन में कम कीमत पर उसे बेच देता है। क्योंकि घर की जरूरतों को पूरा करना होता है। हमारी सरकार ने तय किया है कि किसानों के सामने यह नौबत न आने पाए। फसल पैदा होती है तो किसान भंडारगृह में रख दें, वहां से पैसा ले लें और जब अनाज की कमत बढ़ जाए तो बाजार में बेंच दें। 

योजनाओं को गिनाना शुरू करूंगा तो घंटों निकल जाएंगे
राजनाथ ने आगे कहा कि कांग्रेस कहती है, 6 हजार किसानों को दे दिया, कौनसी बड़ी बात हो गई। किसानों की बात करना चाहता हूं। 2000 हजार रुपए नहीं होता है तो किसान खाद- बीज नहीं खरीद पाते हैं। मोदी जी पैसे दे रहे हैं तो इसमें क्या दिक्कत है। लेकिन मैं इन्हें हमारी योजनाओं को गिनाना शुरू करूंगा तो घंटों निकल जाएंगे।

विश्व की कोई आर्थिक शक्ति बनेगा तो वो भारत बनेगा
राजनाथ ने कहा कि लोग कहते हैं भाजपा वाले हिंदू-मुसलमान की बात करते हैं। हिंदू, मुसलमान, सिख, ईसाई, हम किसी से भेदभाव नहीं करते। हम सबको साथ में लेकर चलने पर विश्वास करते हैं। रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि धन-दौलत और इकॉनोमी के मामले में हमारा भारत दुनिया में 11वें स्थान पर था। आज वही भारत दुनिया में 5वें स्थान में है। 2024 के खत्म होते ही भारत टॉप 3 कंट्री में आकर खड़ा हो जाएगा। विश्व की कोई आर्थिक शक्ति बनेगा तो वो भारत बनेगा।

2.10 बजे नागौद जाएंगे 
मऊगंज में सभा के बाद राजनाथ दोपहर 2 बजकर 10 मिनट पर सतना के नागौद जाएंगे। नागौद के अगोल मैदान में जनसभा में शामिल होंगे। सभा के बाद रक्षा मंत्री दोपहर 3 बजकर 45 मिनट पर हेलिकॉप्टर से प्रयागराज रवाना होंगे।  

5379487