MP Politics : मध्य प्रदेश में भाजपा के नेता रविवार को नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने पर रैली निकाल कर लोगों के बीच पहुंच कर मुंह मीठा करायेंगे। प्रदेश पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भर में जश्न मनाने को लेकर जानकारी दी है। वीडी शर्मा ने पार्टी के पदाधिकारियों को इस कार्यक्रम के संबंध में जिम्मेदारी सौंपी है। 

तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने की शुभकामनाएं दी जाएंगी
शर्मा ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के पश्चात प्रदेश भर में जश्न मनाया जाएगा। प्रदेश भर में मंडल स्तर तक रैली निकाली जाएंगी और आतिशबाजी के बाद लोगों का मुंह मीठा कराया जाएगा। मिठाई बांटकर लोगों को नरेंद्र मोदी के लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने की शुभकामनाएं दी जाएंगी।

प्रदेश की सभी 29 सीटों पर ऐतिहासिक विजय
शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों को अपना आशीर्वाद प्रदान कर ऐतिहासिक विजय दिलाई है। जनता के प्रति आभार प्रकट करने के लिए भाजपा के नेता लोगों के बीच होंगे। प्रधानमंत्री पद की शपथ पूरी होने के बाद पार्टी मुख्यालय में भी भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में अन्य देशों के प्रधानमंत्री
बता दें कि लोकसभा के चुनाव के नतीजों के बाद एक बार फिर से देश में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार पीएम पद की शपथ रविवार को लेने जा रहे हैं। दिल्ली में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण कार्यक्रम में अन्य देशों के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति शरीक होंगे। मध्य प्रदेश में भाजपा इस मौके पर बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर रही है।