MP Road Accident today: मध्य प्रदेश में आज (रविवार, 9 फरवरी) को कितने सड़क हादसे हुए। कितने लोगों की मौत हुई। कितने लोग घायल हुए? यहां जानिए भीषण हादसे से जुड़ी पूरी डिटेल्स। नर्मदापुरम, सतना, रतलाम, सीहोर, भोपाल, मैहर और छिंदवाड़ा में रविवार-शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे हुए। एक्सीडेंट में 9 लोगों की मौत हो गई। 52 घायल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। ज्यादातर एक्सीडेंट की वजह ओवर स्पीड है। रफ्तार के कहर में लोगों की जान चली गई।
सतना: बोलेरो और पिकअप में टक्कर, तीन की मौत
सतना में शनिवार (8 फरवरी) की रात भीषण हादसा हुआ। सतना-चित्रकूट हाईवे पर रात दो बजे बोलेरो और पिकअप की टक्कर हो गई। एक्सीडेंट में मां-बेटे और नाना की मौत हो गई। 10 लोग घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। मझगवां पुलिस के मुताबिक, बोलेरो में दमोह के लोग सवार थे। प्रयागराज महाकुंभ से चित्रकूट होकर लौट रहे थे। जबलपुर के लोग पिकअप में सवार होकर प्रयागराज जा रहे थे। हाईवे पर बड़े हनुमान जी मंदिर के पास दोनों गाड़ियों में टक्कर हो गई। हादसे में मनीषा (31), उसका बेटा विवेक (11) और नाना महेंद्र पटेल (52) की मौत हो गई। 10 से ज्यादा लोग घायल हैं।
इसे भी पढ़ें: viral video: सीहोर में शराबी ने रोकी जयपुर-चेन्नई एक्सप्रेस; अमरोहा में नशेड़ी ने रेलवे ट्रैक पर दौड़ाई कार, देखें वीडियो
रतलाम: तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में घुसी, पति-पत्नी की मौत
रतलाम में शनिवार (8 फरवरी) को भीषण हादसा हुआ। रतलाम-इंदौर फोरलेन पर दौड़ रही कार खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में महिला कॉन्स्टेबल और उसके पति की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चों को मामूली चोट आई है। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के मुताबिक, महिला कॉन्स्टेबल झन्ना गामड़ शहर के माणकचौक थाने में पदस्थ थीं। कार कॉन्स्टेबल के पति अरविंद ड्राइव कर रहे थे। वो आगे बैठी थीं। दोनों बच्चे पीछे की सीट पर थे। रात में ट्रक से निर्माण सामग्री उतारी जा रही थी। इसी दौरान कार पीछे से आकर ट्रक में जा घुसी।
भोपाल: पुलिस वाहन ने बाइकों को मारी टक्कर, 3 घायल
भोपाल के निशातपुरा में शनिवार (8 फरवरी) की रात को सड़क हादसा हुआ। पुलिस वाहन ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। आमने-सामने की भिड़ंत में तीन लोग घायल हुए हैं। एक बाइक सवार का पैर टूट गया। जानकारी के मुताबिक, भानपुर के पास परवलिया जाने वाले रास्ते पर निर्माण कार्य चल रहा है। इसलिए एक ही लेन पर ट्रैफिक चलाया जा रहा है। शनिवार रात 2 को पुलिस वाहन गश्त पर था। इसी दौरान पुलिस वाहन ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। बाइक सवार तीन युवक घायल हुए हैं। पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
मैहर: तेज रफ्तार वैन डिवाइडर से टकराई, एक की मौत, 8 घायल
मैहर में शनिवार (8 फरवरी) को सड़क हादसा हुआ। नेशनल हाईवे पर प्रयागराज महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की वैन डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कटनी निवासी शैलू सिंह (70) की मौके पर ही मौत हो गई। 8 लोग घायल हैं। हादसा ड्राइवर राकेश तिवारी को झपकी आने की वजह से हुआ। पुलिस ने घायलों साधना महोबिया, मोतीलाल, शीला, चमेली, श्रेया, श्रेयांश, संतोष, सुरेश को अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
सीहोर: कार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, दो की मौत
सीहोर में शनिवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गा। आष्टा-शुजालपुर हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो बाइक सवारों की मौत हो गई। कार में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, हादसे में बाइक सवार मनोज परमार (36) और आनंद खजुरिया (36) की मौत हुई है। कार सवार दो लोग भी गंभीर घायल हैं। पार्वती पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कार की तेज रफ्तार दुर्घटना का कारण मानी जा रही है।
भोपाल: हाईवे पर पलटी बस, 25 यात्री घायल
भोपाल में नर्मदापुरम हाईवे पर सागर हॉस्पिटल के पास शनिववार 12:30 बजे उज्जैन से वाराणसी जा रही बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। बस में सवार 50 में से 25 यात्री घायल हुए हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि लाइट पोल उखड़कर 100 फिट दूर जाकर गिरा। बस के परखच्चे 200 मीटर तक फैले। राहगीरों ने बस का शीशा तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि किसी भी जान नहीं गई है। जानकारी के मुताबिक, बस के पीछे से आ रही है क्रेटा कार अचानक कट मारकर ओवरटेक करते हुए बस के सामने आ गई। कार को बचाने के चक्कार में बस डिवाइडर से टकरा कर पलट गई।
नर्मदापुरम: पेड़ से टकराने के बाद कार में लगी आग
नर्मदापुरम में शनिवार (8 फरवरी) की रात सड़क हादसा हुआ। पिपरिया रोड पर तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई। कुछ ही देर में कार आग का गोला बन गई। तेज लपटें उठने लगी। कार सवार निहाल कहार, मयंक सेजकर और वरुण भदौरिया ने उतरकर जान बचाई। सूचना पर पुलिस, एंबुलेंस और दमकल पहुंची। आग पर काबू पाया।
छिंदवाड़ा: बोलेरो और ट्रक की टक्कर, पटवारी की मौत, दो घायल
छिंदवाड़ा में शनिवार (8 फरवरी) को सड़क हादसा हुआ। नरसिंहपुर हाईवे पर बोलेरो और ट्रक की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में युवक की मौत हो गई। दो महिलाएं घायल है। पुलिस के मुताबिक, बोलेरो सवार छिंदवाड़ा से सुरलाखापा लौट रहे थे। सामने से आ रहे ट्रक से बोलेरो की टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार यज्ञ भान शाह (44) की मौत हो गई। यज्ञ भान अमरवाड़ा के तेंदनी गांव में पटवारी के पद पर पदस्थ थे। यज्ञ की पत्नी और एक अन्य महिला घायल हैं। घायलों को अमरवाड़ा अस्पताल में भर्ती करवाया है।