News in Brief, 15 February: देश का दिल कहे जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।
मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update
उज्जैन जाएंगे CM डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार सुबह 10:00 बजे एडीजी इंटेलीजेंस और जनसंपर्क के साथ संताप भवन में बैठक लेंगे। सुबह 10:30 मिलने का टाइम आरक्षित है। 11:40 से 11:55 के बीच में मुख्यमंत्री का भोपाल आगमन होगा। इसके बाद सीएम दोपहर के 2:00 बजे उज्जैन दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री मोहन यादव कालिदास संस्कृत अकादमी उज्जैन में होने वाले सम्मेलन में शामिल होंगे। शाम को 6:00 बजे देवास में नगर निगम के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। शाम को 7:00 बजे मुख्यमंत्री मोहन यादव महाकाल लोक श्री महाकालेश्वर मंदिर नवीन रुद्र सागर सेतु का लोकार्पण करेंगे।
एमपी में फिर बदला मौसम
मध्यप्रदेश में मौसम ने फिर करवट बदली है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में दिन के तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 17 फरवरी से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस पश्चिमी हिमालय की तरफ एक्टिव होने की संभावना है। इस वजह से 18 फरवरी से प्रदेश में दिन-रात के तापमान में फिर से गिरावट होने का अनुमान है, जो अगले तीन से चार दिन तक रह सकता है।
त्रिपुंड अर्पित कर बाबा महाकाल का दिव्य शृंगार
उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर के कपाट शनिवार सुबह 4 बजे खोले गए। सबसे पहले भगवान महाकाल का जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद, फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन किया। महाकाल को भस्म चढ़ाई गई। भगवान महाकाल ने शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित पुष्प से बनी फूलों की माला धारण की। बाबा को फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। बाबा महाकाल का फूलों की माला, त्रिपुण्ड, रजत मुकुट और आभूषणों से दिव्य श्रृंगार किया गया।
आरजीपीवी रैगिंग मामले में 17 को होंगे छात्रों के बयान
राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) में छात्रों के बीच हुई मारपीट मामले में सोमवार को छात्रों के बयान लिए जाएंगे। कमेटी ने एंटी रैगिंग सेल में दर्ज तीन विद्यार्थियों के साथ तीन और विद्यार्थियों को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया है। इसके बाद कमेटी रिपोर्ट तैयार कर आगामी कार्रवाई करेगी। ज्ञात हो कि गुरुवार को एक मामूली विवाद पर द्वितीय वर्ष के एक छात्र के साथ हॉस्टल में मारपीट हुई, जिसके बाद मामला एंटी रैगिंग हेल्पलाइन तक पहुंचा। इस घटना में आधा दर्जन छात्रों के नाम सामने आए हैं। विवाद से आहत एक छात्र ने आत्महत्या की कोशिश की, जिसे समय रहते अन्य छात्रों ने रोक लिया था।
MP कांग्रेस में बड़ा बदलाव, हरीश चौधरी को मिला प्रभार
मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव हो गया। मध्यप्रदेश प्रभारी जितेन्द्र सिंह की छुट्टी करते हुए हरीश चौधरी को प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। अब मध्यप्रदेश कांग्रेस के नए प्रभारी बने हैं। चौधरी राजस्थान के वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस विधायक हैं। मालूम जितेन्द्र सिंह मध्यप्रदेश के पास मध्यप्रदेश के अलावा असम का भी प्रभार था। इनसे मध्यप्रदेश की जिम्मेदारी ली गई है।
जीएनएम-एएनएम परीक्षाएं 1 अप्रैल से
मध्यप्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल ने 2022-23 सत्र के जीएनएम और एएनएम नर्सिंग परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। परीक्षाएं 1 अप्रेल से 8 अप्रैल 2025 तक चलेंगी। इसके बाद 11 से 17 अप्रैल तक प्रायोगिक परीक्षाएं होंगी। उल्लेखनीय है कि भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने गुरुवार को मध्यप्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल के अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा था। यह छात्र-छात्राएं पिछले तीन साल से प्रथम वर्ष की परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं। परीक्षा नहीं होने से विद्यार्थी परेशान थे।
हरदा पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में अगली सुनवाई 28 को
हरदा के बैरागढ की पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट के मामले की एनजीटी में अगली सुनवाई 28 फरवरी को होगी। हादसे के प्रभावित परिवारों की ओर कोर्ट में पैरवी करने वाले पैनल में शामिल एडवोकेट अवनी बंसल ने बताया कि 11 फरवरी को सुनवाई हुई। इसमें एनजीटी ने जिला प्रशासन को बिना रुके मुख्य आरोपी राजेश उर्फ राजू अग्रवाल की कुर्क संपत्ति की नीलामी के लिए कहा है। इसके अलावा पीड़ितों की सूची को लेकर आरोपी पक्ष की तरफ से लगाई आपत्ति में कमी बताने के लिए भी एक सप्ताह का समय दिया है।
सीबीएसई की परीक्षा आज से
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हो रही है। परीक्षाएं 4 अप्रैल तक चलेंगी। कक्षा दसवीं में पहला पेपर अंग्रेजी का होगा। 12वीं के विद्यार्थी उद्यमशीलता का पर्चा देंगे। स्टूडेंट को दस बजे के बाद परीक्षा केन्द्रों पर एंट्री बैन हो जाएगी। इलेक्ट्रिक डिवाइस मिला तो नकल प्रकरण दर्ज हो सकता है। सीबीएसई ने परीक्षा की गाइडलाइन के तहत स्टूडेंट को सुझाव दिए हैं। राजधानी में 150 सीबीएसई स्कूल हैं। यहां के करीब 12 हजार स्टूडेंट परीक्षा में शामिल होंगे। 50 केन्द्रों पर इनकी परीक्षा होगी।
महाशिवरात्रि पर्व से शुरू होगा विक्रमोत्सव, 48 स्थानों पर लगेंगे मेले
महाशिवरात्रि पर्व से उज्जैन में विक्रमोत्सव शुरू होगा। विक्रमोत्सव 30 मार्च तक चलेगा। इस अवधि में MP के 48 स्थानों पर महाशिवरात्रि के भव्य मेले भी लगेंगे। विक्रमोत्सव, सम्राट विक्रमादित्य के युग, भारत उत्कर्ष, नवजागरण और भारत विद्या पर केंद्रित रहेगा। साहित्यिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही ज्योतिर्विज्ञान, विचार गोष्ठियां, इतिहास और विज्ञान समागम, विक्रम व्यापार मेला, लोक एवं जनजातीय संस्कृति पर आधारित गतिविधियां होंगी। विक्रमादित्य वैदिक घड़ी के ऐप के प्रवर्तन, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन, वस्त्रोद्योग, हथकरघा उपकरणों की प्रदर्शनी के साथ क्षेत्रीय, पौराणिक फिल्मों के महोत्सव और श्रीकृष्ण पर केन्द्रित विशेष फिल्मों का प्रदर्शन और प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
महाकाल मंदिर में प्रवेश का नया द्वार 15 फरवरी से खुलेगा
महाकाल मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए 15 फरवरी से एक नया प्रवेश द्वार खुल जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 25 करोड़ की लागत से रूद्र सागर पर बने ब्रिज का लोकार्पण करेंगे। जिसके बाद श्रद्धालु शक्ति पथ से सीधे महाकाल मंदिर पहुंच सकेंगे। इससे चारधाम मंदिर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए करीब डेढ़ किमी की दूरी कम हो जाएगी। महाकाल मंदिर आने वाले दर्शनार्थियों को अब एक नया प्रवेश द्वार मिलने जा रहा है। गणेश नगर हायर सेकेंडरी स्कूल के सामने बने ब्रिज की शुरुआत होने जा रही है।
पीएम मोदी 23 व 24 को MP में रहेंगे, अमित शाह 25 को आएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल में 24 फरवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर समिट (जीआइएस) 2025 का शुभारंभ करेंगे। 23 फरवरी को छतरपुर के बागेश्वर धाम में कैंसर अस्पताल की नींव भी रखेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 25 फरवरी को जीआइएस के समापन अवसर पर शामिल होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 फरवरी को बागेश्वर धाम जाएंगी।
GIS में MP के जीआइ टैग वाले उत्पादों की होगी वैश्विक ब्रांडिंग
राजधानी भोपाल में 24- 25 फरवरी को होने जा रही ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में जियोग्राफिक इंडिकेशन- जीआइ टैग वाले उत्पादों की भी अलग प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें जीआइ टैग वाले उत्पादों जैसे बाग प्रिंट, बाटिक प्रिंट, कार्पेट, पंज दरी, चंदेरी हैडलूम उत्पाद, लकड़ी के खिलौनों आदि की वैश्विक ब्रांडिंग का मौका मिलेगा। देशी-विदेशी मेहमान यहां इन उत्पादों की खासियत, उनके बनाने की विधि आदि जान सकेंगे और इन्हें खरीद भी सकेंगे।