News in Brief, 18 February: देश का दिल कहे जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।
मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update
मोहन कैबिनेट की बैठक आज
मध्यप्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक मंगलवार को दोपहर 3 बजे होगी। सीएम मोहन यादव की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में 7 नई नीतियों को मंजूरी मिल सकती है। ग्लोबल इन्वेस्टर समिट (जीआइएस) 2025 में हिस्सा लेने भोपाल आ रहे देश-विदेश के 21 हजार से अधिक निवेशकों के लिए मोहन सरकार सौगातों का दूसरा पिटारा खोलने जा रही है। बैठक में स्टार्टअप के लिए केंद्र की तरह राज्य में अलग फंड के प्रावधान और जिलों से नीचे जाकर तहसील व विकासखंडों पर पीपीपी मॉडल के तहत एयर स्ट्रिप के लिए नीति को मंजूरी दी जा सकती है। निवेशकों को जमीन आवंटित करने के नियमों में कई स्तर पर छूट के नए प्रावधानों को भी मंजूरी दी जा सकती है।
गांधी सागर अभयारण्य में चीतों की शिफ्टिंग अटकी
गांधी सागर अभयारण्य में चीतों की शिफ्टिंग अटक गई है। अब अगले एक साल तक इंतजार करना पड़ेगा। तब भी शिफ्टिंग हो जाएगी, यह तय नहीं है। यह हाल तब है जब गांधी सागर में चीतों को लाने से जुड़ी तैयारियां पूरी हो गईं थी। यहां से 16 तेंदुओं को बाहर के जंगलों में शिफ्ट किया जा चुका था। तैयारियों से जुड़े मामूली काम बाकी थे। शिफ्टिंग के लिए ठंड का यही सीजन तय किया था लेकिन दक्षिण अफ्रीका व नामीबिया ने हरी झंडी नहीं दी।
मुख्यमंत्री आज रायसेन में, 10 किमी दूर से बदलेगा रास्ता
मुख्यमंत्री मोहन यादव मंगलवार को रायसेन जिले के दौरे पर रहेंगे। सीएम रायसेन में एक विशेष पायलेट प्रोजेक्ट का शुभारंभ करेंगे। साथ ही वाटरशेड यात्रा का शुभारंभ भी करेंगे। उनके साथ केंद्रीय कृषि मंत्री तथा क्षेत्रीय सांसद शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा अन्य केंद्र और राज्य सरकार के मंत्री भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन तथा पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शहर में आवागमन व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए कई मार्गों को सुबह से दोपहर तीन बजे तक के लिए डायवर्ट किया गया है।
21 फरवरी को होनहार बच्चों को मिलेंगे लैपटॉप
12वीं कक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले स्टूडेंट को लैपटॉप के लिए 25-25 हजार रुपए मिलेंगे। मुख्यमंत्री की मेधावी विद्यार्थी सम्मान योजना के तहत प्रदेश से 90 हजार स्टूडेंट को इसका फायदा मिलेगा। राजधानी के 4477 स्टूडेंट शामिल हैं। यह आयोजन 21 फरवरी को प्रशासनिक भवन अकादमी परिसर में होगा। एमपी बोर्ड से कक्षा बारहवीं 75 प्रतिशत या इससे अधिक अंकों से पास करने वालों को लैपटॉप देने की योजना है। योजना के तहत स्टूडेंट के खातों में 25-25 हजार रुपए दिए जाएंगे। स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिलों से बच्चों के बैंक खातों की जानकारी अपडेट की है। राशि उनके खातों में ट्रांसफर की जाना है।
कुबेरेश्वर धाम में 25 फरवरी से होगी शिव महापुराण कथा
कुबेरेश्वर धाम में 25 फरवरी से शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात सुगम बनाए रखने के लिए मार्गों का डायवर्सन किया गया है। शिव महापुराण कथा 03 मार्च तक चलेगी। इस आयोजन में लाखों श्रद्धालु कुबेरेश्वर धाम पहुंचेंगे। शिवमहापुराण कथा में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं का मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों से सड़क मार्ग द्वारा आवागमन होगा। इस दौरान यातायात सुगम बनाए रखने के लिए भोपाल से इंदौर और इंदौर से भोपाल आने जाने वाले वाहनों के मार्ग में 24 फरवरी को सुबह 06 बजे से परिवर्तन किया गया है।
एसीएस डॉ. राजौरा को सिंहस्थ की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में आठ महीने के भीतर दूसरा कार्य विभाजन हुआ। अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा को पूर्व के कामों के साथ-साथ सिंहस्थ 2028 की तैयारियों का जिम्मा भी मिल गया है। पहले यह जिम्मा सीएमओ में सचिव रहे भरत यादव के पास था। सीएमओ की नई टीम में एक भी प्रमुख सचिव नहीं है, पूर्व में 2 प्रमुख सचिव थे, उनके पास जो जिम्मेदारी थी, वह सचिव सिबि चक्रवर्ती और डॉ. इलैयाराजा टी के साथ-साथ 4 अपर सचिव चंद्रशेखर वालिम्बे, अरुण परमार, लक्ष्मण मरकाम और अरविंद कुमार दुबे के बीच बांटी गई। इस तरह टीम में कुल 19 अफसर रखे हैं, जो पूर्व में 26 थे।
MP में 900 कर्मचारी कर रहे गिद्धों की गिनती
मध्यप्रदेश में गिद्धों की गिनती का काम सोमवार से शुरू हो गया है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में वन विभाग के करीब 900 कर्मचारी और वॉलंटियर्स यह काम कर रहे हैं। गिद्धों की कम होती संख्या के चलते इनके संरक्षण के लिए कदम उठाए गए। इसके परिणामों का आंकलन गिद्धों की गिनती कर किया जाएगा। गिनती दो चरणों में होगी। पहाड़ी हिस्सों में खास फोकस रहेगा। बैठे गिद्धों को गिना जाएगा। ये गिनती सुबह सात से आठ बजे तक होगी। इसमें एक घंटा और बढ़ाने की संभावना रखी है।
पीएम मोदी 23 व 24 को MP में रहेंगे, अमित शाह 25 को आएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल में 24 फरवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर समिट (जीआइएस) 2025 का शुभारंभ करेंगे। 23 फरवरी को छतरपुर के बागेश्वर धाम में कैंसर अस्पताल की नींव भी रखेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 25 फरवरी को जीआइएस के समापन अवसर पर शामिल होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 फरवरी को बागेश्वर धाम जाएंगी।
MP के डॉक्टर 20 से करेंगे आंदोलन
मध्यप्रदेश के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में पदस्थ चिकित्सक मांगें पूरी नहीं होने के चलते 20 फरवरी से अपना आंदोलन शुरू करेंगे। इसके तहत 20-21 फरवरी को काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। 22 को प्रदेश के सभी चिकित्सक आधा घंटे के लिए असहयोग आंदोलन के साथ काम बंद कर बाहर प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान चिन्हित अस्पतालों पर अमानक दवाइयों की सांकेतिक होली भी जलाई जाएगी। 24 को प्रदेशव्यापी सामूहिक उपवास कर एक घंटे काम बंद कर बाहर प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी। इसके बाद 25 फरवरी से प्रदेश भर में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
जीएनएम-एएनएम परीक्षाएं 1 अप्रैल से
मध्यप्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल ने 2022-23 सत्र के जीएनएम और एएनएम नर्सिंग परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। परीक्षाएं 1 अप्रेल से 8 अप्रैल 2025 तक चलेंगी। इसके बाद 11 से 17 अप्रैल तक प्रायोगिक परीक्षाएं होंगी। उल्लेखनीय है कि भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने गुरुवार को मध्यप्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल के अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा था। यह छात्र-छात्राएं पिछले तीन साल से प्रथम वर्ष की परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं। परीक्षा नहीं होने से विद्यार्थी परेशान थे।