Logo
News in Brief, 28 February: मध्यप्रदेश में शुक्रवार (28 फरवरी) को कहां-क्या हो रहा है। आपके काम की हर जानकारी यहां (Haribhoomi.com) पर एक क्लिक पर मिलेगी। आइए एक नजर डालते हैं MP की छोटी-बड़ी खबरों पर...। 

News in Brief, 28 February: देश का दिल कहे जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update 

सीएम मोहन यादव सागर दौरे पर 
मुख्यमंत्री मोहन यादव आज (28 फरवरी, शुक्रवार) को सागर जिले के दौरे पर रहेंगे। गढ़ाकोटा में आयोजित रहस लोकोत्सव व बुंदेलखंड स्तरीय किसान सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। सीएम सुबह 11:40 बजे भोपाल से सागर रवाना होंगे। दोपहर 12:30 बजे गढ़ाकोटा पहुंचेंगे। गढ़ाकोटा में रहस लोकोत्सव में शामिल होने के बाद, दोपहर 2:25 बजे सागर के बड़तूमा हेलीपैड और फिर सागर जाएंगे। शाम 4 बजे भोपाल रवाना होंगे।  

जीतू पटवारी का भी सागर दौरा
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी सागर जाएंगे। वह प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी और सह प्रभारी संजय दत्त के साथ सुबह साढ़े 9 बजे भोपाल रवाना होंगे। सुबह साढ़े 10:45 बजे विदिशा पहुंचेंगे। वहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। शाम 6 बजे सागर के कर्रापुर स्थित संत रविदास मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। 

यूनियन कार्बाइड का जहरीला कचरा जलेगा आज 
भोपाल की यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री का जहरीला कचरा आज ( (28 फरवरी, शुक्रवार) पीथमपुर में जलाया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद रामकी एनवायरो फैक्ट्री के इंसीनरेटर में सुबह 10 बजे से कचरे का निष्पादन होगा। 10 टन कचरे जलाने में 3 दिन लगेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से यहां इंदौर और धार जिले के 500 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।   

समर्थन मूल्य पर 80 लाख टन गेहूं खरीदेगी सरकार
मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार इस वर्ष 80 लाख टन गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदेगी। इसके लिए 3 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है। मध्‍य प्रदेश में समर्थन मूल्‍य पर गेहूं खरीदी 1 मार्च से शुरू हो जाएगी। केंद्र सरकार ने समर्थन मूल्य 2,425 रुपए तय किया है, लेकिन एमपी सरकार किसानों को अपनी तरफ से बोनस देगी। 

वॉट्सऐप पर मिलेगी खसरा-खतौनी की नकल
मध्य प्रदेश में अब 181 पर कॉल कर खसरा-खतौनी की नकल मंगा सकते हैं। यह नकल एसएमएस और वॉट्सऐप के जरिए मिलेगी। सीएम जनसेवा लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2010 के तहत यह व्यवस्था की गई है। सीएम जन सेवा के माध्यम से स्थानीय निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, चालू खसरा की प्रतिलिपि, खतौनी की प्रतिलिपि, चालू नक्शा की प्रतिलिपि, भू-अधिकार पुस्तिका की प्रतिलिपि और स्पेसिमेन कॉपी (खसरा, खतौनी एवं नक्शा) टोल-फ्री नंबर 181 पर एक कॉल पर से उपलब्ध कराई जा रही है।

भोपाल में बनेगा सबसे बड़ा इस्कॉन मंदिर 
मध्यप्रदेश के सबसे बड़े इस्कॉन मंदिर का भूमिपूजन 2 मार्च को कोलार में होना है। इस्कॉन बीवायसी के अध्यक्ष रसानंद दास प्रभु ने बताया, कोलार में 8 एकड़ हरे कृष्ण लैंड पर भूमिपूजन होगा। इसमें वल्र्ड वाइड इस्कॉन के प्रमुख और गवर्निंग बॉडी कमिश्नर (जीपीसी) गुरुप्रसाद स्वामी और मध्यप्रदेश प्रभारी महामनदास प्रभु भोपाल आएंगे। इस दौरान भव्य भंडारा होगा। भंडारे के लिए पश्चिम बंगाल, दिल्ली और जबलपुर से विशेष रसोइए बुलाए गए हैं। ये रसोइए विशेष प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन बनाएंगे।

कुबेरेश्वर में रुद्राक्ष महोत्सव 3 मार्च तक 
सीहार जिला स्थित कुबेरेश्वर धाम में रुद्राक्ष महोत्सव चल रहा है। श्रद्धालु दो दिन पहले ही पहुंचने लगे थे। 3 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव में 13 लाख से अधिक भक्तों के पहुंचने का अनुमान है। भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। गुरुवार को लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। 

5379487