MP Monsoon Update Today: सिवनी, मंडला और बालाघाट सहित मध्य प्रदेश के छह जिलों में मानसून की एंट्री हो गई। यह अब भोपाल, इंदौर और जबलपुर की ओर बढ़ रहा है। अगले 48 घंटे के अंदर मानसून मध्य प्रदेश के आठ जिलों में पहुंच सकता है। शनिवार को राजगढ़ और शाजापुर जिले में तेज बारिश व दतिया ग्वालियर में तेज गर्मी का अनुमान है।  

प्रदेश के 43 जिलों में गुरुवार-शुक्रवार को बारिश हुई। भोपाल के बैरागढ़ में 4.8 इंच और सीहोर में 4 इंच बारिश दर्ज की गई। इंदौर, उज्जैन, बालाघाट, विदिशा समेत अन्य जिलों में भी तेज बारिश हुई। 

मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश दक्षिणी हिस्से में स्थित छह जिलों में मानसून की एंट्री हो गई है। अब भोपाल, इंदौर, जबलपुर संभाग में मानसून पहुंचेगा। आखिरी में मानसून चंबल-ग्वालियर में पहुंचेगा। 

सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने कहा, गत दिवस हुई बारिश से तापमान में कमी आई है। राजधानी भोपाल, बैतूल, धार, खंडवा, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और मलाजखंड में शुक्रवार को भी बारिश हुई। 

भोपाल में पारा 32.7 डिग्री, इंदौर में 31 डिग्री, ग्वालियर में 38.6 डिग्री, जबलपुर में 35.4 डिग्री, उज्जैन में पारा 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे ठंडा पचमढ़ी रहा। यहां 30.8 डिग्री टेम्प्रेचर रहा। धार में 31.3 डिग्री और खंडवा में 31.5 डिग्री दर्ज किया गया।