Logo
MP Politics News: PCC चीफ जीतू पटवारी के पूर्व मंत्री इमरती देवी को लेकर दिए गए बयान के बाद एमपी की सियासत गरमा गई है। भाजपा नेताओं ने पलटवार कर पटवारी पर निशाना साधा है। जानें जीतू के विवादित बयान के बाद किसने क्या, कहा।

MP Politics News: PCC चीफ जीतू पटवारी के विवादित बयान के बाद मध्यप्रदेश की सियासत गरमा गई है। भाजपा नेताओं ने पटवारी पर निशाना साधा है। दरअसल, जीतू पटवारी ने पूर्व मंत्री इमरती देवी को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में हंसते हुए कहा कि देखो ऐसा है, अब इमारती जी का रस खत्म हो गया है, जो अंदर चाशनी होती है, उनके लिए अब मैं कुछ बात नहीं कर रहा। जीतू के इस विवादित बयान के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा, भारतीय जनता पार्टी महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह केवल इनके बोल नहीं बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी की मानसिकता है। इमरती देवी ने कहा, जीतू पटवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगी।

जीतू ने इमरती देवी से मांगी माफी 
विवादित बयान के बाद राजनीति गरमाई तो जीतू पटवारी ने इमरती देवी से मांफी मांगी है। जीतू ने मीडिया से कहा कि मेरे बयान को गलत संदर्भ में लिया गया है। इमरती देवी मेरी बड़ी बहन हैं और बड़ी बहन मां के समान होती है। सवाल से बचना चाहता था। अगर किसी की भावनाएं आहत हुई हों तो मैं माफी मांगता हूं।

एक्स पर पोस्ट: मेरी मंशा सिर्फ सवाल के जवाब को टालने की थी
जीतू ने सोशल मीडिया एक्स पर भी लिखा है कि  मेरे एक बयान को तोड़मरोड़ कर, गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया जा रहा है। मेरी मंशा सिर्फ सवाल के जवाब को टालने की थी। श्रीमती इमरती जी मेरी बड़ी बहन जैसी हैं। बड़ी बहन मां के समान होती है। यदि फिर भी किसी की भावना को ठेस पहुंची हो तो मैं खंद व्यक्त करता हूं। 

जहां जीतू जाएंगे, काले झंडे दिखाए जाएंगे 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी। जीतू पटवारी का पुरजोर विरोध किया जाएगा। पटवारी द्वारा भाजपा नेता इमरती देवी के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की गई है, जिसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ता एवं महिला मोर्चा विरोध प्रदर्शन करेंगे। जीतू का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। वे जिस जिले में जाएंगे, वहां उन्हें काले झंडे दिखाए जाएंगे।

ज्योतिरादित्य सिंधिया की पोस्ट: 

इमरती बोलीं- जीतू के खिलाफ FIR कराएंगे  
जीतू पटवारी के बयान के बाद इमरती देवी ने कहा कि वो पटवारी के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराएंगीं। बता दें कि डबरा सीट से लगातार तीन बार चुनाव जीतने वालीं इमरती देवी कमलनाथ सरकार में महिला और बाल विकास मंत्री भी रह चुकी हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ इमरती ने भी कांग्रेस का हाथ छोड़ दिया था। भाजपा में शामिल होने के बाद इमरती देवी ने उपचुनाव और फिर 2023 में विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन जीत नहीं मिली। 

आशीष अग्रवाल की पोस्ट: 
बीजेपी नेता आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की घृणित मानसिकता। महिलाओं में रस ढूंढते हैं कांग्रेसी। जिन जीतू पटवारी को भाजपा की एक दलित नेत्री में रस कम नजर आता है। क्या वहीं जीतू पटवारी सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को भी इस नजर से ही देखते हैं।

ग्वालियर में दिया था बयान 
जीतू का 16 सेकेंड का ये वीडियो ग्वालियर का बताया जा रहा है। जीतू गुरुवार रात कांग्रेस जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा से मिलने उनके घर पहुंचे थे। इसके बाद मीडिया से बातचीत में इमरती देवी को लेकर यह बयान दिया। जीतू इससे पहले मुरैना में प्रियंका गांधी की सभा में शामिल हुए थे। प्रियंका कांग्रेस लोकसभा प्रत्याशी सत्यपाल नीटू सिकरवार के समर्थन में सभा करने आई थीं।

5379487