Logo
Baba Mahakal: सोमवती अमावस्या के योग में 2 सितंबर को बाबा महाकाल की छठवीं सवारी उज्जैन में निकाली है। शाम 4 बजे राजाधिराज महाकाल नगर भ्रमण पर निकले। महाकाल की सवारी में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने बेटे युवराज महाआर्यमन के साथ शामिल हुए।

Baba Mahakal: आज सोमवती अमावस्या है। उज्जैन में भाद्रपद की कृष्ण पक्ष अमावस्या के योग में बाबा महाकाल की छठवीं सवारी निकाली जा रही है। शाम 4 बजे राजाधिराज 6 स्वरूपों में महाकाल अपनी प्रजा का हाल जानने निकले। इससे पहले सभा मंडप में कलेक्टर नीरज सिंह ने पूजन किया। पालकी पर हेलिकॉप्टर पर 150 किलो फूल बरसाए गए। सवारी 6 घंटे बाद रात 10 बजे वापस महाकाल मंदिर लौटेगी। सात किमी तक निकलने वाली सवारी में 70 भजन मंडलियां ‎शामिल हुई। 

सिंधिया ने बजाया झांझ 
महाकाल की सवारी में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने बेटे युवराज महाआर्यमन के साथ शामिल हुए। इस दौरान सिंधिया ने झांझ और बेटे ने डमरू बजाया। उन्होंने सत्यनारायण मंदिर के पास पालकी में सवार भगवान चंद्रमौलेश्वर का पूजन किया।

जानें सवारी में कौन कहां था
महाकाल की सवारी में सबसे आगे मंदिर का प्रचार वाहन, यातायात पुलिस, तोपची, चांदी का ध्वज, घुड़सवार, विशेष सशस्त्र बल, स्काउट-गाइड सदस्य, कांग्रेस सेवा दल, सेवा समिति बैंड, 70 भजन मंडलियां, साधु-संत, पुलिस बैंड, नगर सेना सलामी गार्ड, मंदिर के पुजारी-पुरोहित, भगवान चंद्रमौलेश्वर की प्रमुख पालकी, भारत बैंक के साथ गरुड़ शिवतांडव रूवरूप था।

अंतिम छोर में एंबुलेंस और पुलिस वाहन 
रमेश बैंड के साथ नंदी रथ पर उमा-महेश स्वरूप, गणेश बैंड के साथ रथ पर होल्कर स्टेट का मुखारबिंद स्वरूप, आरके बैंड के साथ रथ पर घटाटोप मुखौटा स्वरूप, रथ पर सप्तधान मुखारबिंद स्वरूप, राजकमल बैंड के साथ हाथी पर मनमहेश स्वरूप के दर्शन हुए। सवारी के अंतिम छोर पर एम्बुलेंस, विद्युत मंडल का वाहन, फायर ब्रिगेड और पुलिस वाहन थे।

पत्नी के साथ CM मोहन यादव महाकाल की शरण में पहुंचे  
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को सोमवती अमावस्या पर भगवान महाकालेश्वर के मंदिर में पहुंचकर भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए और सपत्नीक पूजन अर्चन किया। नंदी हॉल में महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष और कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ ने मुख्यमंत्री डॉ यादव को शाल, प्रसाद और भगवान श्री महाकालेश्वर का चित्र भेंटकर सम्मान किया। 

जानें कब, कब निकली बाबा की सवारी
इस बार 22 जुलाई को बाबा महाकाल की पहली सवारी निकली थी। 29 जुलाई को दूसरी, 5 अगस्त को तीसरी, 12 अगस्त को चौथी, 19 अगस्त को पांचवीं और भादौ में छठवीं सवारी 26 अगस्त को निकाली जा रही है।  

5379487