Russia reacts on Zelenskyy-Trump spat: रूस ने हाल ही में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की के बीच व्हाइट हाउस में हुई तीखी बहस पर प्रतिक्रिया दी है। रूसी विदेश मंत्रालय ने इसे 'miracle (चमत्कार)' करार दिया। रूस ने कहा कि ट्रंप और उनके उपराष्ट्रपति जेडी वांस ने जेलेंस्की पर हमला करने से खुद को रोक लिया।

ट्रंप- जेलेंस्की विवाद पर क्या बोला रूस?
रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने टेलीग्राम पर इस घटना पर टिप्पणी करते हुए लिखा, "ट्रंप और वांस ने जेलेंस्की जैसे शख्स को थप्पड़ मारने से खुद को रोका, यह सच में एक चमत्कार है।"

उन्होंने यह भी कहा कि जेलेंस्की ने व्हाइट हाउस में जो सबसे बड़ा झूठ बोला, वह यह था कि 2022 में कीव शासन अकेला था और उसे किसी का समर्थन नहीं था।

दिमित्री मेदवेदेव का जेलेंस्की पर तीखा हमला
पूर्व रूसी राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव (वर्तमान में रूस की सुरक्षा परिषद के उप प्रमुख) ने जेलेंस्की को "असभ्य सुअर" कहकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जेलेंस्की को ओवल ऑफिस में एक सही तमाचा मिला। पहली बार ट्रंप ने इस 'कोकीन जोकर' को उसके मुंह पर सच्चाई बताई कि कीव शासन दुनिया को तीसरे विश्व युद्ध की ओर धकेल रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि केवल इतनी बात कहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अमेरिका को यूक्रेन की सैन्य मदद तुरंत बंद कर देनी चाहिए।

ट्रंप-जेलेंस्की विवाद का असर
व्हाइट हाउस में हुए इस तीखे वाद-विवाद ने अंतरराष्ट्रीय कूटनीति को शर्मसार कर दिया। ओवल ऑफिस में इस तरह की बहस शायद पहली बार देखने को मिली, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति और एक अन्य देश के नेता के बीच इतनी तीखी बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप हुए।

क्या यूक्रेन को अब अमेरिका से समर्थन मिलेगा?
ट्रंप के इस आक्रामक रुख के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या अमेरिका यूक्रेन की मदद में कटौती करेगा? जेलेंस्की का यह दौरा पहले ही तनावपूर्ण था, लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि उनके और अमेरिका के बीच मतभेद और गहरे हो सकते हैं।