Aaj ka Mausam:देश के कई राज्यों में सर्दी का असर जारी है।राजस्थान और मध्य प्रदेश में तापमान में गिरावट देखी गई है। वहीं, 8 से 12 फरवरी तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश का अनुमान है। मध्य भारत और पूर्वी भारत के कई राज्यों में तापमान 2-5 डिग्री तक नीचे चला गया है। IMD के मुताबिक, 15 फरवरी के बाद तापमान बढ़ सकता है, जिससे गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगेगी। आइए, जानते हैं देश के किस राज्य में कैसा है मौसम।
हिमाचल प्रदेश: बर्फबारी और बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ (Western desturbance) के कारण मौसम में बदलाव हुआ है। 8 फरवरी से ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने 12 फरवरी तक लगातार बर्फबारी की संभावना जताई है। ऊना, बिलासपुर और मंडी में घने कोहरे के कारण येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में इस बार सामान्य से 72% कम बारिश दर्ज की गई है। 24 घंटे में कल्पा का तापमान 5.7 डिग्री बढ़कर 8.2 डिग्री हो गया। मनाली में भी तापमान 10.2 डिग्री तक पहुंच गया है।
जम्मू-कश्मीर: 15-16 फरवरी को बारिश के आसार
जम्मू-कश्मीर में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है और अगले कुछ दिनों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार, 10-11 फरवरी के बाद 15-16 फरवरी को कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। फिलहाल, श्रीनगर में अधिकतम तापमान 10°C और न्यूनतम तापमान -3°C दर्ज किया गया है। गुलमर्ग और पहलगाम में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले दो दिनों में बर्फीली हवाएं चलने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है। यातायात भी प्रभावित हो सकता है।
उत्तराखंड: 8 से 12 फरवरी के बीच एक्टिव होगा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस
उत्तराखंड में इस समय मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले कुछ दिनों तक ठंड बनी रहेगी। देहरादून में अधिकतम तापमान 24°C और न्यूनतम तापमान 8°C रहने की संभावना है। 8 से 12 फरवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। नैनीताल, मसूरी और चमोली में तापमान में गिरावट जारी रह सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि राज्य में अचानक ठंड बढ़ सकती है।
मध्य प्रदेश: 36 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली सर्द हवा
मध्य प्रदेश में सर्दी का असर तेजी से बढ़ रहा है। इंदौर, भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में गुरुवार को बर्फीली हवाएं 34 से 36 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। इससे तापमान में भारी गिरावट आई। पहली बार फरवरी में दिन का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, शुक्रवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा, जबकि शनिवार से तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। बर्फीली हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राजस्थान: अगले 48 घंटे सर्दी का असर रहेगा
राजस्थान में भी उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं ने असर दिखाया है। अजमेर, कोटा और बारां समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 48 घंटों तक प्रदेश में सर्दी का प्रभाव बना रहेगा। जयपुर, सीकर, दौसा, अलवर, झुंझुनूं और चूरू में दिनभर सर्द हवाएं चलती रहीं, जिससे हल्की ठिठुरन महसूस की गई। 9 फरवरी से तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। जैसलमेर, जोधपुर और बीकानेर में उत्तरी हवाओं का असर रहा, जिससे दिन में भी ठंडी लहर चली।
उत्तर प्रदेश: कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश में मौसम फिलहाल साफ बना हुआ है, लेकिन कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, सहारनपुर और मुरादाबाद में हल्की बारिश हो सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 23°C और न्यूनतम तापमान 9°C रहने की उम्मीद है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक ठंडी हवाएं चल सकती हैं। सुबह के समय हल्का कोहरा रह सकता है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है। तापमान में अचानक गिरावट से सर्दी फिर से बढ़ सकती है।
बिहार: तापमान में उतार-चढ़ाव बने रहने के आसार
बिहार में इस समय ठंड का असर बना हुआ है और सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, पटना, मुजफ्फरपुर, गया और दरभंगा में तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। पटना में अधिकतम तापमान 24°C और न्यूनतम तापमान 10°C रहने की संभावना है। पछुआ हवाओं के कारण ठंड का असर बरकरार रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले हफ्ते हल्की बारिश हो सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है। किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पंजाब: दिन को गर्मी और रात को हो रही ठंड
पंजाब में अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, लुधियाना, अमृतसर और जालंधर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 24°C और न्यूनतम तापमान 8°C रहने की संभावना है। इससे दिन को गर्मी और रात को ठंड रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और रात के समय ठंड महसूस होगी। विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में सुधार हो सकता है, जिससे प्रदूषण कम होगा।
छत्तीसगढ़: कई जिलों में तापमान बढ़ा
छत्तीसगढ़ में मौजूदा समय में कई जिलाें में तापमान बढ़ गया है। रायपुर में अधिकतम तापमान 36°C तक पहुंच गया है, जो सामान्य से अधिक है। बिलासपुर, दुर्ग और अंबिकापुर में भी दिन का तापमान 34°C के आसपास बना हुआ है। हालांकि, रात के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस हफ्ते राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे गर्मी और बढ़ सकती है। आने वाले दिनों में शुष्क हवाएं चल सकती हैं, जिससे गर्मी और शुष्कता महसूस होगी। किसान फसलों की सिंचाई का ध्यान रखें।
नार्थ ईस्ट: तीन राज्यों में बारिश का अलर्ट
नार्थ ईस्ट के मौसम की बात करें तो असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में चक्रवाती हवाओं के प्रभाव के कारण अगले कुछ दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इन राज्यों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है, जिससे ठंड का असर बढ़ सकता है। खासकर ऊपरी पहाड़ी इलाकों में तापमान में गिरावट हो सकती है। गुवाहाटी, शिलांग और ईटानगर समेत कई इलाकों में घना बादल छाया रहेगा। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
ओडिशा: कोहरे का कहर, विजिबिलिटी घटी
ओडिशा में पिछले कुछ दिनों से घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। भुवनेश्वर और कटक समेत कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा। इस दौरान ठंड में भी इजाफा होने की संभावना है। सुबह और रात के समय खासतौर पर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। कोहरे की वजह से कई ट्रेनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा है।