Logo
Swati Maliwal Assault Case: स्वाति मालीवाल के साथ बदसलूकी के मामले को लेकर भाजपा ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा ने मांग की थी कि संजय सिंह के बयान के आधार पर पुलिस को आरोपी बिभव कुमार के खिलाफ केस दर्ज करना चाहिए।

Swati Maliwal Assault Case: राज्यसभा सांसद और दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष स्वाति मालीवाल पर कथित हमले को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच तनातनी चल रही है। स्वाति मालीवाल के साथ दिल्ली मुख्यमंत्री आवास में बदसलूकी का आरोप अरविंद केजरीवाल के निजी सहायक बिभव कुमार पर है। इस विवाद के बाद पहली बार बिभव कुमार लखनऊ एयरपोर्ट पर केजरीवाल के साथ नजर आए। संजय सिंह भी साथ थे।

संजय सिंह ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
अरविंद केजरीवाल और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने गुरुवार, 16 मई को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान अरविंद केजरीवाल स्वाति मालीवाल के साथ बदसलूकी करने वाले बिभव कुमार के सवाल पर चुप हो गए। सांसद संजय सिंह सामने आए। उन्होंने कहा कि मणिपुर में एक कारगिल योद्धा की पत्नी को निर्वस्त्र करके घुमाया गया। कर्नाटक में हजारों महिलाओं के साथ प्रज्वल रेवन्ना ने दरिंगदी की। उसे भाजपा ने देश के बाहर भगा दिया। प्रधानमंत्री कहते हैं ये (प्रज्वल रेवन्ना) भारत का भविष्य है। हमने कुलदीप सेंगर और हाथरस का भी मामला देखा है। लेकिन पीएम खामोश रहते हैं। पहलवान बेटियां जब जंतर-मंतर पर लड़ रही थीं तो स्वाति मालीवाल को घसीट घसीटकर पीटा गया था। इस पर राजनीति खेल नहीं खेलना चाहिए। यह पार्टी के अंदर का मामला है। 

भाजपा ने कहा- 72 घंटे बाद भी कोई एफआईआर नहीं
भाजपा ने इस फोटो को शेयर करते हुए निशाना साधा। राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने गुरुवार को दावा किया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आरोपी अपने निजी सहायक बिभव कुमार को बचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वाति मालीवाल के साथ हुई घटना के 72 घंटे बाद भी विभव कुमार पर कोई एफआईआर नहीं, बल्कि केजरीवाल उसे बचा रहे हैं। 

बीजेपी प्रवक्ता ने दावा किया कि मालीवाल पर हमला केजरीवाल के इशारे पर किया गया और उनके साथ हिंसा की गई। पूनावाला ने कहा कि सबकुछ स्पष्ट है कि स्वाति मालीवाल पर हमला केजरीवाल के इशारे पर किया गया था। शीश महल अपराध महल है और एक महिला राज्यसभा सांसद पर हिंसा, हमला द्रौपदी चीरहरण की तरह घटना है। 

आप का असली चेहरा आया सामने
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि मालीवाल को अब उनकी पार्टी चुप रहने या अपनी कहानी बदलने के लिए मजबूर कर रही है। यही कारण है कि उन्होंने पुलिस से संपर्क नहीं किया है। यह सबकुछ स्वाति मालीवाल के पूर्व पति नवीन जयहिंद नितिन त्यागी के बयानों से स्पष्ट है। इसलिए उन्होंने अभी तक पुलिस से संपर्क नहीं किया है। AAP का असली चेहरा- महिला विरोधी अराजकतावादी पार्टी है।

कपिल मिश्रा ने भी शेयर की तस्वीर
भाजपा की दिल्ली इकाई के उपाध्यक्ष कपिल मिश्रा ने भी लखनऊ हवाई अड्डे पर केजरीवाल, संजय सिंह और विभव कुमार की एक साथ तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा कि यह कल रात लखनऊ एयरपोर्ट की तस्वीर है। काली शर्ट वाला विभव है, जिसने स्वाति मालीवाल को मारा है। साथ ही संजय सिंह ने कहा है कि विभव ने बहुत गलत काम किया, केजरीवाल नाराज हैं। तीसरा केजरीवाल खुद है, जिस पर आरोप है कि उनके इशारे पर स्वाति को पीटा गया। 

संजय सिंह ने दी थी घटना पर सफाई
साथी राज्यसभा सांसद पर कथित हमले की निंदा करते हुए संजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि केजरीवाल ने मामले का संज्ञान लिया है और सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि कल एक घटना हुई। अरविंद केजरीवाल के आवास पर विभव कुमार (अरविंद केजरीवाल के पीए) द्वारा स्वाति मालीवाल के साथ दुर्व्यवहार की घटना हुई। स्वाति मालीवाल ने इस घटना की सूचना दिल्ली पुलिस को दी। यह एक निंदनीय घटना है। अरविंद केजरीवाल ने घटना का संज्ञान लिया है और सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है।

5379487