Logo
Chandigarh Court Shooting: चंडीगढ़ कोर्ट में शनिवार को एक पूर्व AIG ने IRS अफसर दामाद की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों के बीच पारिवारिक विवाद था।

Chandigarh Court Shooting: चंडीगढ़ के एक कोर्ट में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसमें एक पूर्व पुलिस अधिकारी ने अपने ही दामाद को गोली मार दी। मृतक हरप्रीत सिंह, जो एक भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के अधिकारी थे और सिंचाई विभाग में तैनात थे, को उनके ससुर मलविंदर सिंह सिद्धू ने गोली मारी। मलविंदर सिंह, पंजाब पुलिस के निलंबित सहायक महानिरीक्षक (AIG) हैं। 

पारिवारिक विवाद बना खूनी वारदात की वजह
घटना के समय दोनों परिवारों के बीच एक घरेलू विवाद को लेकर चंडीगढ़ के फैमिली कोर्ट में समझौता वार्ता चल रही थी। इसी दौरान, आरोपी मलविंदर सिंह सिद्धू ने बहाना बनाकर बाथरूम जाने की बात कही, जिसके बाद उनके दामाद हरप्रीत सिंह उन्हें बाथरूम दिखाने के लिए बाहर ले गए। कुछ ही पलों बाद, कोर्ट परिसर में पांच गोलियां चलने की आवाज़ सुनी गई। इनमें से दो गोलियां हरप्रीत को लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वकीलों ने आरोपी को पकड़ा
घटना के तुरंत बाद, कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। हरप्रीत सिंह को जमीन पर गिरा देख, वहां मौजूद लोगों ने मदद की गुहार लगाई। घटनास्थल पर मौजूद कुछ वकीलों ने आरोपी मलविंदर सिंह को पकड़ लिया और उसे एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया, जिसने आरोपी को हिरासत में ले लिया।

अस्पताल ले जाते समय हुई हरप्रीत की मौत
घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हरप्रीत सिंह खून से लथपथ हालत में कोर्ट के बाहर पड़े थे, और लोग उन्हें अस्पताल ले जाने का प्रयास कर रहे थे। दुर्भाग्यवश, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। इस घटना ने कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

5379487