Logo
Aaj ka Mausam: भारत (India) में आज का मौसम (बुधवार, 5 मार्च) को कैसा रहेगा। दिल्ली, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा सहित कई राज्यों में 7 डिग्री तक पारा लुढ़का है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद हवा चलने से ठंड बढ़ गई है।

Aaj ka Mausam: भारत (India) में आज का मौसम (बुधवार, 5 मार्च) को कैसा रहेगा। मध्यप्रदेश में तापमान 4.2 डिग्री तक गिरा है। राजस्थान में ठंड बढ़ गई है। कई शहरों में दिन का पारा 7 डिग्री तक लुढ़का है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में बर्फबारी हुई। दिल्ली-NCR में ठंडी हवा चली। छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। यूपी के सभी जिलों में मौसम विभाग ने ड्राई डे घोषित किया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 दिन तक पंजाब, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। कई इलाकों में तापमान गिर सकता है।

हिमाचल: बर्फबारी के कारण लौटी ठंड 
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश-बर्फबारी के कारण पहाड़ों पर ठंड लौट आई है। अधिकतम तापमान अभी भी नॉर्मल से 3.5 डिग्री कम चल रहा है। लाहौल स्पीति, किन्नौर और कुल्लू जिला के कई क्षेत्रों में एक सप्ताह से बिजली गुल है। सड़कें बंद पड़ी हैं और पानी की पाइपें जमने की वजह से लोगों के घरों में पानी नहीं आ रहा।  9 मार्च को वेस्टर्न डिस्टरबेंस (WD) फिर एक्टिव हो रहा है। इसका असर 10 मार्च को नजर आएगा। इस दिन अधिक ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले भागों में बारिश व बर्फबारी का पूर्वानुमान है। मगर 9 मार्च तक पहाड़ों पर मौसम साफ रहेगा।

UP में ड्राई डे घोषित
उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में ड्राई डे घोषित किया। दो दिन तक सतह पर तेज पछुआ हवा चलेगी। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। वाराणसी में अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा। सबसे ठंडा शहर नजीबाबाद रहा। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 6 मार्च को मौसम शुष्क रहने की सम्भावना है। संभाग में तेज सतही हवा चलने की सम्भावना है। मौसम विभाग में ग्रीन अलर्ट जारी किया है।

मध्यप्रदेश में 4.2 डिग्री तक की गिरा पारा 
मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में तापमान में 4.2 डिग्री तक की गिरावट हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अभी एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) पाकिस्तान के पास एक्टिव है। टर्फ भी गुजर रहा है। इस वजह से हवा चल रही है और पारे में गिरावट देखने को मिल रही है। 

राजस्थान: 7 मार्च से फिर बढ़ेगा तापमान 
राजस्थान के कई शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरा। चूरू, गंगानगर, सीकर, हनुमानगढ़ में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। देर शाम चली सर्द हवाओं से जयपुर, दौसा, अलवर, सीकर समेत कई शहरों में अचानक सर्दी तेज हो गई। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज और कल भी इन उत्तरी हवा के चलने और तापमान में गिरावट होने की संभावना जताई है। 7 मार्च से प्रदेश में फिर से तापमान में बढ़ोतरी होगी।

हरियाणा: पहाड़ी हवा से बढ़ी ठंड 
हरियाणा में रात से ही तेज उत्तर-पश्चिमी हवा चल रही है। पहाड़ों से मैदानी इलाकों की ओर चल रही इन हवाओं ने अचानक ठंड बढ़ा दी है। रात के तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट देखी जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 5 दिनों तक प्रदेश में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। दिन में धूप खिली रहेगी, लेकिन हवाएं ठंड का एहसास कराएंगी। रात के तापमान में 5 से 8 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है।

छत्तीसगढ़ में बढ़ा पारा 
छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान बढ़ा है। 38 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ राजनांदगांव सबसे गर्म रहा। रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर में पारा 36 डिग्री के पार पहुंच गया है। अगले 48 घंटे दिन और रात के तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है, उसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। 

दिल्ली-NCR में सर्द हवा चलने से गिरा पारा 
दिल्ली-NCR में सर्द हवा चलने से तापमान में 5 डिग्री की गिरावट आई। न्यूनतम तापमान भी 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 6 से 9 मार्च के बीच सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है, लेकिन दिन में मौसम साफ रहेगा। 8 और 9 मार्च को बादल छाने की भी संभावना है।

आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने अगले दो दिन उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में गरज-चमक के साथ बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई है। 9 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। जिसके प्रभाव से होली के समय भी उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान दिल्ली-NCR सहित पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। 

कई राज्यों में गिरेगा पारा 
मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इस वजह से कई इलाकों में तापमान गिर सकता है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है।  

jindal steel jindal logo
5379487