Logo
Maharashtra Nandurbar violence: महाराष्ट्र के नंदुरबार में धार्मिक जुलूस के दौरान पत्थरबाजी और आगजनी हुई, जिसमें 7 पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने स्थिति को काबू में किया।

Nandurbar violence: महाराष्ट्र के नंदुरबार में गुरुवार को धार्मिक जुलूस के दौरान तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। नंदुरबार पुलिस के अनुसार, यह घटना दोपहर 3 बजे मालीवाड़ा क्षेत्र में हुई, जब जुलूस के दौरान कुछ युवकों ने आपत्तिजनक नारेबाजी की। इसके बाद, दोनों समूहों के बीच झड़प हुई और पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसी दौरान, एक समूह ने एक घर को आग के हवाले कर दिया और एलपीजी सिलेंडर जलाने का भी प्रयास किया। कई वाहनों को भी आग लगा दी गई।

पुलिस ने किया स्थिति पर काबू, 7 पुलिसकर्मी घायल
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने की कोशिश की। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन नाराज भीड़ ने पुलिस पर भी पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस घटना में 7 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें दो अफसर और पांच कांस्टेबल शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि धुले से जवानों को बुलाया गया है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। संदिग्धों को हिरासत में लिया जा रहा है और मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

10 दिनों में धार्मिक जुलूसों के दौरान 5 हिंसक घटनाएं
पिछले 10 दिनों में धार्मिक जुलूसों के दौरान 5 हिंसक घटनाएं हो चुकी हैं। 18 सितंबर को कर्नाटक के दावणगेरे में गणेश विसर्जन के जुलूस पर  पत्थरबाजी हुई। इसके अलावा, राजस्थान के भीलवाड़ा में गणपति पंडाल में पशु अंग मिलने के बाद विरोध प्रदर्शन हुए। महाराष्ट्र के भिवंडी में भी गणेश विसर्जन के दौरान पत्थरबाजी हुई और मूर्ति को नुकसान पहुंचाया गया।10 सितंबर को सूरत, गुजरात में गणेश पंडाल पर पत्थरबाजी की घटना हुई थी। 11 सितंबर को कर्नाटक के मांड्या में गणपति विसर्जन के दौरान भी पत्थरबाजी हुई।

5379487