Mamata Banerjee vs Adhir Ranjan Chowdhury: अपने विवादित बयानों के लिए सुर्खियों में रहने वाले पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने अब ममता बनर्जी के खिलाफ मोर्चा खोला है। अधीर रंजन ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सीट शेयरिंग को लेकर ममता बनर्जी ईमानदार नहीं हैं। ममता बनर्जी कह रही हैं कि कांग्रेस पश्चिम बंगाल में सिर्फ दो सीटों से चुनाव लड़ेगी। हमें उनकी एहसान की जरूरत नहीं हैं। हम अपने दम पर लोकसभा चुनाव लड़ लेंगे। 

ममता नहीं चाहती गठबंधन करना 
कांग्रेस नेता ने कहा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री नहीं चाहती की गठबंधन हो। इससे उन्हें समस्याएं होंगी। अगर वह गठबंधन करती हैं तो वह जो जिम्मेदारी निभा रही हैं उसमें उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। हमें इसमें कोई आपत्ति नहीं है। कांग्रेस पश्चिम बंगाल में इतना सक्षम है कि अपने दम पर ही 2024 लोकसभा का चुनाव लड़ सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि हमें नहीं पता कि तृणमूल से गठबंधन करने के लिए भीख किसने मांगी। हम लोग भिखारी नहीं हैं।

गठबंधन न होने पर खुश होंगे पीएम माेदी
अधीर रंजन ने कहा कि ममता जिस तरह की शर्तें रख रही हैं उससे पता चलता है कि वह गठबंधन करना ही नहीं चाहती।अगर गठबंधन नहीं होगा तो हिन्दुस्तान में सबसे ज्यादा कौन खुश होगा?  इससे सबसे ज्यादा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुश होंगे। जो ममता बनर्जी कर रही हैं वह कुछ और नहीं मोदी जी की सेवा है। ममता बनर्जी बंगाल में गठबंधन को विफल करना चाहती हैं। अधीर रंजन चौधरी ने तृणमूल के बजाय बंगाल की वाम पार्टियों के साथ अलाएंस करने की भी सलाह दी थी। 

पहले भी सामने आ चुकी है नाराजगी
इससे पहले तृणमूल की ओर से भी पश्चिम बंगाल में इंडिया गठबंधन की सीट शेयरिंग को लेकर आवाज उठाई जा चुकी है। तृणमूल के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा था कि बंगाल कांग्रेस और दिल्ली कांग्रेस के स्टैंड में बड़ा अंतर है।  दिल्ली कांग्रेस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी गठबंधन को मजबूत बनाने के लिए तृणमूल को साथ लेना चाहते हैं। वहीं बंगाल कांग्रेस भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रही है। तृणमूल ने ही भाजपा के खिलाफ लड़ाई शुरू की और इसे राज्य में हराया।