Pakistani Embassy staff repatriated: नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान दूतावास के स्टाफ के काले कारनामे का खुलासा हुआ है। पाकिस्तान एम्बैसी के इस स्टाफ ने दूतावास में एक भारतीय महिला के साथ छेड़छाड़ की। यह महिला दूतावास में नौकरानी थी। महिला ने पाकिस्तानी एम्बेसी के स्टाफ के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मामला सामने आने के बाद  भारत ने पाकिस्तानी दूतावास के प्रभारी साद अहमद वाराइच के स्टाफ को वापस पाकिस्तान जाने का आदेश दिया है। 

छेड़छाड़ के आरोपी की पहचान पाकिस्तानी नागरिक मिन्हाज हुसैन ( 54 ) के तौर पर हुई है। मिन्हाज हुसैन नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी एम्बेसी के प्रभारी साद अहमद वाराइच के घर पर खाना बनाने का काम करता था। उसने वाराइच के घर पर ही नौकरानी का काम करने वाली एक भारतीय महिला के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की थी। महिला दिल्ली के तिलक मार्ग स्थित वाराइच के आवास पर सर्वेंट क्वार्टर में रहती थी। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबित, मिन्हाज हुसैन भी वाराइच के आधिकारिक आवास पर एक सर्वेंट क्वार्टर में रहता था। मिन्हाज इसी साल फरवरी में भारत आया था। इसके बाद से ही वह लगातार महिला को परेशान कर रहा था। मिन्हाज महिला नौकरानी पर यौन संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था। उसने कई बार इस महिला के साथ अश्लील हरकतें भी की। 

मिन्हाज की गंदी हरकतों से तंग आकर नौकरानी ने साद अहमद से उसकी शिकायत भी की। इसके बाद मिन्हाज हुसैन ने बकरीद का बहाना बनाकर मिन्हाज हुसैन को पाकिस्तान भेज दिया। इसके बाद पाकिस्तान एम्बेसी ने महिला को फोन किया और कहा कि वह साद अहमद के घर पर काम करना छोड़ दे और सर्वेंट क्वार्टर भी खाली कर दे।

बताया जा रहा है कि जिस महिला के साथ छेड़छाड़ हुई वह एक विधवा है और अपने बच्चों की  परवरिश के लिए घरेलू नौकरानी का काम कर रही थी। पाकिस्तानी एम्बेसी से नौकरी छोड़ने के निर्देश मिलने के कुछ ही दिन बाद महिला को पता चला कि मिन्हाज हुसैन को पाकिस्तान से वापस बुला लिया गया। मिन्हाज हुसैन साद अहमद वाराइच के आवास पर काम करने लगा।

मिन्हाज हुसैन के भारत वापस लाैटने की जानकारी मिलते ही महिला 28 जून को नई दिल्ली के तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंची। महिला ने मिन्हाज हुसैन के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में महिला ने मिन्हाज हुसैन पर अभद्र बर्ताव और छेड़छाड़ का आरोप लगाया। दिल्ली पुलिस ने इसके बाद तुरंत एक्शन लेते हुए मिन्हाल हुसैन के खिलाफ इंडियन पीनल कोड के सेक्शन 354 के तहत FIR दर्ज कर ली।

पूरा मामला सामने आने और FIR दर्ज होने के बाद भारत सरकार भी एक्शन मोड में आ गई। भारत सरकार ने तुरंत पाकिस्तानी दूतावास के इस स्टाफ मिन्हाज हुसैन को भारत छोड़ने का निर्देश दिया। बता दें कि मिन्हाज हुसैन ऑफिशियल पासपोर्ट और वीजा के आधार पर भारत में रह रहा था। मामले को लेकर विवाद बढ़ने के बाद 30 जून को मिन्हाज हुसैन को वापस पाकिस्तान भेज दिया गया। 

बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब दिल्ली स्थित पाकिस्तानी एम्बेसी में ऐसी घटना हुई। पहले भी कई मौकों पर ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। बीत साल जनवरी में पंजाब की एक महिला प्रोफेसर ने पाकिस्तानी एम्बेसी के सीनियर अफसरों पर अभद्र बर्ताव करने का आरोप लगाया था। महिला ने कहा था कि वह 2021 में पाकिस्तान विजिट के लिए वीजा के लिए अप्लाई करने पाकिस्तानी एम्बेसी गई थी। इस दौरान एम्बेसी के कुछ सीनियर अफसरों ने उसके साथ यौन शोषण करने का प्रयास किया था।