PM Modi Mauritius Visit: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन मॉरीशस में रहेंगे। मंगलवार (11 मार्च) को PM मोदी राजकीय दौरे पर मॉरीशस पहुंच गए हैं। पोर्ट लुईस में PM मोदी का भव्य और गर्मजोशी से स्वागत हुआ। मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम ने पीएम मोदी को माला पहनाई और गले लगाकर उनका अपने देश में अभिनंदन किया। पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
#WATCH मॉरीशस: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पोर्ट लुईस पहुंचे।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 11, 2025
वे 12 मार्च को मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भारतीय नौसेना के एक जहाज के साथ भारतीय रक्षा बलों की एक टुकड़ी समारोह में हिस्सा लेगी।
(सोर्स: डीडी न्यूज/ ANI) pic.twitter.com/Fw30904dHC
57वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में होंगे शामिल
बुधवार (12 मार्च) को PM मोदी मॉरीशस के 57वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। मॉरीशस के राष्ट्रीय समारोह में भारतीय आर्मी की एक टुकड़ी, नौसेना का एक वॉरशिप और एयरफोर्स की आकाश गंगा स्काई डाइविंग टीम भी भाग लेगी। प्रधानमंत्री दोनों देशों के आर्थिक और सुरक्षा संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए कई समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे।
एक 'नया और उज्ज्वल' अध्याय जोड़ेगी
मॉरीशस की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनकी यह यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों में एक 'नया और उज्ज्वल' अध्याय जोड़ेगी। नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत का मॉरीशस से ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध रहा है। हम एक दूसरे पर पूरा भरोसा करते हैं। लोकतंत्र के प्रति विश्वास साझा करते हैं। विविधता ही हमारी शक्ति है। दोनों देशों की जनता के बीच ऐतिहासिक संबंध हैं जिस पर हमें गर्व है। पीएम मोदी ने कहा कि हमने पिछले 10 वर्षों में आम जनता के हितों को ध्यान रखने वाली परियोजनाओं को बढ़ावा देने पर खास ध्यान दिया है।

मैं भारतीय समुदाय से बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं
पीएम नरेंद्र मोदी ने 'X' पर लिखा है कि मंगलवार से मैं मॉरीशस की दो दिवसीय यात्रा पर जा रहा हूं। मैं उनके 57वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में भाग लूंगा। मैं अपने मित्र और प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम से मिलने के लिए उत्सुक हूं। मैं वहां भारतीय समुदाय से बातचीत करने के लिए भी उत्सुक हूं।
दोनों देशों के मजबूत रिश्तों का सबूत
मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम ने कहा कि हमारे देश के लिए ऐसे सम्मानित व्यक्तित्व की मेजबानी करना सौभाग्य की बात है, जो अपने बिजी कार्यक्रम के बावजूद हमारे यहां मुख्य अतिथि के तौर पर आने के लिए राजी हुए हैं। पीएम मोदी की यात्रा दोनों देशों के मजबूत रिश्तों का सबूत है।
मुख्य उद्देश्य: समुद्री सुरक्षा को बढ़ाना
जानकारों का कहना है कि भारत और मॉरीशस के बीच साझेदारी का मुख्य उद्देश्य समुद्री सुरक्षा को बढ़ाना है। दोनों देश हिंद महासागर के रणनीतिक महत्व को पहचानते हैं। बीते 10 सालों में दोनों देशों ने जन-केंद्रित पहलों के साथ प्रगति की है। पीएम मोदी की यात्रा में भारत और मॉरीशस के बीच व्हाइट-शिपिंग जानकारी साझा करने को लेकर MoU साइन हो सकता है। पीएम मोदी की इस यात्रा में ग्लोबल ट्रेड और अमेरिकी टैरिफ के प्रभाव समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात हो सकती है। साथ ही डिफेंस, ट्रेड, कैपेसिटी बिल्डिंग और समुद्री सुरक्षा में सहयोग करने पर चर्चा होगी।