u19 women t20 world cup final highlights: भारत लगातार दूसरी बार महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप जीता। मलेशिया में रविवार को खेले गए फाइनल में भारत ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से रौंदा। भारत को 83 रन का टारगेट मिला था, जिसे टीम इंडिया ने 11.2 ओवर में महज 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत की जीत में एक बार फिर जी त्रिशा का अहम रोल रहा। फाइनल में 3 विकेट लेने वाली गोंगाड़ी त्रिशा ने नाबाद 44 रन बनाए। उनके अलावा सानिका चाल्के ने नाबाद 26 रन बनाए। विनिंग रन उनके बल्ले से ही निकला।
भारत बिना मैच गंवाए चैंपियन बना है। निकी प्रसाद की अगुवाई वाली भारतीय महिला अंडर-19 टीम ने पिछले साल रोहित शर्मा की टीम इंडिया वाला कारनामा दोहराया है। पिछले साल भारतीय मेंस टीम ने टी20 विश्व कप फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर ही खिताब जीता था। अब अंडर-19 महिला टीम ने भी यही करिश्मा किया है।
इससे पहले, साउथ अफ्रीका की कप्तान केयला रेनेके ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। लेकिन, भारतीय स्पिन गेंदबाजों के आगे अफ्रीकी बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए। महज 82 रन पर अफ्रीकी टीम ऑल आउट हो गई थी। साउथ अफ्रीका के आखिरी 5 विकेट महज 14 गेंद में गिर गए। भारत की तरफ से गोंगाडी त्रिशा, आयुषी शुक्ला, वैष्णवी शर्मा, परुनिका सिसोदिया ने शानदार गेंदबाजी की।
अंडर-19 टी20 विश्व कप की पहली शतकवीर गोंगाडी त्रिशा ने फाइनल में गेंद से धमाल मचाया। उन्होंने तीन विकेट लिए। उनके अलावा वैष्णवी शर्मा, परुनिका सिसोदिया और आयुषी शुक्ला ने 2-2 विकेट झटके।
दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका परुनिका सिसोदिया ने दिया। उन्होंने सिमोन लॉरेंस को आउट किया। इसके बाद शबनम ने खतरनाक जेमा बोथा का शिकार किया और फिर आयुषी शुक्ला ने डियारा रामलाकन को पवेलियन की राह दिखाई। दोनों टीमें बिना मैच गंवाए फाइनल में पहुंचीं है। भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराया था जबकि साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर पहली बार फाइनल का टिकट कटाया है।
भारत की प्लेइंग XI: कमालिनी जी (विकेटकीपर), त्रिशा गोंगाडी, सानिका चालके, निकी प्रसाद (कप्तान), इश्वरी आवसरे, मिथिला विनोद, आयुषी शुक्ला, शबनम, वैष्णवी शर्मा, जोशिता वीजे, परुनिका सिसोदिया।
साउथ अफ्रीका की प्लेइंग-XI: जेमा बोथा, सिमोन लौरेंस, डायरा रामलाकन, कायला रेनेके (कप्तान), कराबो मेसो (विकेटकीपर), मीक वान वूर्स्ट, सेशनी नायडू, फे काउलिंग, एशली वान विक, मोनालिसा लेगोडी, नथाबिसेंग निनी।