Logo
new zealand vs pakistan: पाकिस्तान के खिलाफ नेपियर वनडे में न्यूजीलैंड के लिए मुहम्मद अब्बास ने डेब्यू किया और अपने पहले ही मैच में उन्होंने 24 गेंद में अर्धशतक ठोक, क्रुणाल पंड्या का विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। बता दें कि मुहम्मद पाकिस्तानी क्रिकेटर अजहर अब्बास के बेटे हैं।

new zealand vs pakistan: पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच नेपियर में 3 वनडे की सीरीज का पहला मुकाबला हुआ। इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 344 रन बनाए। न्यूजीलैंड की तरफ से इस मैच में 21 साल के बैटर मुहम्मद अब्बास ने डेब्यू किया और मुहम्मद ने अपने डेब्यू मैच में ही तहलका मचा दिया। उन्होंने महज 24 गेंद में अर्धशतक ठोक डाला। ये वनडे डेब्यू पर सबसे तेज अर्धशतक है। 

मुहम्मद अब्बास ने भारत के क्रुणाल पंड्या का विश्व रिकॉर्ड तोड़ा। क्रुणाल ने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे डेब्यू पर 26 गेंद में अर्धशतक जमाया था।

वहीं, वेस्टइंडीज के एलिक अथानाजे ने 2023 में यूएई के खिलाफ 26 ही गेंद में अर्धशतक जमाया था। इस लिस्ट में ईशान किशन का भी नाम है। ईशान ने 2021 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे डेब्यू पर 33 गेंद में फिफ्टी ठोकी थी। वहीं, इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर रोलैंड बुचर ने 1980 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 35 गेंद में फिफ्टी जमाई थी। इसके अलावा,  इंग्लैंड के ही बैटर जॉन मॉरिस ने 1990 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 35 गेंद पर फिफ्टी जमाने का कारनामा किया था। 

Fastest fifties on Men's ODI debut:

24 गेंद - मुहम्मद अब्बास, न्यूजीलैंड बनाम पाकिस्तान, 2025

26 गेंद - क्रुणाल पंड्या, भारत बनाम इंग्लैंड, 2021

26 गेंद - एलिक अथानाज़, वेस्टइंडीज बनाम यूएई, 2023

33 गेंद - ईशान किशन, भारत बनाम श्रीलंका, 2021

35 गेंद - रोलैंड बुचर, इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया, 1980

35 गेंद - जॉन मॉरिस, इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड, 1990

पाकिस्तान के लिए डेब्यू वनडे में सबसे तेज अर्धशतक का रिकार्ड अभी भी नासिर जमशेद के नाम है, जिन्होंने 2008 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 40 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी। मुहम्मद अब्बास न्यूजीलैंड की तरफ से आउट होने वाले आखिरी बैटर रहे। उन्होंने 26 गेंद में 52 रन की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 3 चौके और इतने ही छक्के लगाए। न्यूजीलैंड की तरफ से मार्क चैपमैन ने शतक जमाया। उन्होंने 111 गेंद में 132 रन बनाए। चैपमैन ने 13 चौके और 6 छक्के उड़ाए। डेरिल मिचेल ने भी 76 रन की पारी खेली। 

कौन हैं मुहम्मद अब्बास?
मुहम्मद अब्बास का जन्म 29 नवंबर 2003 को पाकिस्तान के लाहौर में हुआ था। हालांकि, वो छोटे थे तभी उनके पिता अजहर अब्बास परिवार के साथ न्यूजीलैंड शिफ्ट हो गए थे। अजहर खुद भी क्रिकेटर रहे थे। उन्होंने 90 के दशक में पाकिस्तान में फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेली थी। उन्होंने 45 फर्स्ट क्लास मैच खेले थे और वो मीडियम पेस गेंदबाजी करते थे। न्यूजीलैंड शिफ्ट होने के बाद भी अजहर ने क्रिकेट खेलना जारी रखा और ऑकलैंड की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेले थे। फिलहाल, वो फायरबर्ड्स टीम के असिस्टेंट कोच हैं।  

मुहम्मद अब्बास ऑलराउंडर हैं। वो दाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। वो हाल ही में फोर्ड ट्रॉफी में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल थे। मुहम्मद ने 21 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 1301 रन बनाने के साथ 12 विकेट हासिल किए हैं। वो 2 शतक भी लगा चुके हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में भी उनके नाम 1 शतक और 4 अर्धशतक हैं। 

5379487