Logo
हार्दिक पंड्या की एक शर्त की वजह से रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटाने का फैसला लिया गया।

नई दिल्ली। मुंबई इंडियंस ने एक दिन पहले रोहित शर्मा के स्थान पर हार्दिक पंड्या को अपना नया कप्तान बनाया था। फ्रेंचाइजी ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी थी। वैसे, जब से ही हार्दिक को मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस के साथ 15 करोड़ रुपये में ट्रेड किया था। तब से ही इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें मुंबई का कप्तान बनाया जा सकता है और अब ये बात सच साबित हुई। 

मुंबई इंडियंस ने हार्दिक को कप्तान बनाए जाने को लेकर जो बयान जारी किया था, उसमें ये कहा था कि भविष्य को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है। अब ये खबर आ रही है कि हार्दिक ऐसे ही मुंबई इंडियंस से नहीं जुड़े थे। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक ने मुंबई इंडियंस के ओनर को साफ कर दिया था कि अगर फ्रेंचाइजी उन्हें वापस टीम में लाना चाहती है तो ऐसा उसी सूरत में हो सकता है, जब उन्हें टीम की कमान सौंपी जाए। काफी सोच-विचार के बाद फ्रेंचाइजी ने हार्दिक की इस शर्त को माना था।

वनडे विश्व कप के दौरान ही रोहित शर्मा को फ्रेंचाइजी ने इसकी जानकारी दे दी थी। रोहित भी आईपीएल 2024 में हार्दिक की कप्तानी में खेलने को तैयार हो गए थे। इसके बाद ही फ्रेंचाइजी ने लीडरशिप में बदलाव का कदम उठाया। 

हार्दिक ने डेब्यू सीजन में गुजरात को चैंपियन बनाया था
रोहित शर्मा अब मुंबई इंडियंस के कप्तान नहीं होंगे लेकिन बल्लेबाज के तौर पर खेलते रहेंगे। उनकी अगुआई में मुंबई ने 2013 से 2023 के बीच 5 बार आईपीएल का खिताब जीता था। वहीं, हार्दिक पंड्या ने भी 2022 में डेब्यू सीजन में गुजरात टाइटंस को आईपीएल चैंपियन बनाया था। पंड्या इससे पहले, 4 बार (2015, 2017, 2019, 2020) में मुंबई इंडियंस के साथ भी आईपीएल जीते हैं। 

5379487