Logo
Hardik Pandya Training: हार्दिक पंड्या आईपीएल 2024 के लिए मुंबई इंडियंस के कैंप से जुड़ गए हैं। उनका एक वीडियो वायरल हो रहा, जिसमें वो लंबे-लंबे शॉट्स लगाते नजर आ रहे हैं।

नई दिल्ली। आईपीएल 2024 के शुरू होने में अब गिनती के ही दिन बचे हैं। सभी टीमों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इसमें मुंबई इंडियंस भी शामिल है। मुंबई की टीम इस बार नए कप्तान के साथ लीग में उतरेगी। रोहित शर्मा की जगह आईपीएल 2024 में हार्दिक पंड्या इस सीजन में टीम की कप्तानी करेंगे। हार्दिक मुंबई इंडियंस टीम से जुड़ गए हैं और उन्होंने तैयारी भी शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर हार्दिक का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह बड़े शॉट्स लगाते दिखाई दे रहे। वीडियो को मुंबई इंडियंस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किया है। 

हार्दिक पंड्या की बल्लेबाजी देखकर ऐसा लग रहा कि उनकी चोट अब पूरी तरह ठीक हो गई है और वो पूरी तरह फिट हैं। ये सिर्फ मुंबई इंडियंस के लिए ही नहीं, बल्कि टीम इंडिया के लिए भी अच्छी खबर है क्योंकि इस साल जून-जुलाई में टी20 विश्व कप खेला जाना है और इसमें टीम इंडिया को हार्दिक की काफी जरूरत होगी। ऐसे में उनका फिट होना भारतीय टीम के लिहाज से अहम है। मुंबई इंडियंस ने हार्दिक का जो वीडियो देखा है, उसमें वो ऑफ साइड की तरफ बड़े शॉट्स खेलते नजर आ रहे हैं। 

हार्दिक मुंबई इंडियंस के कैंप से जुड़े
इससे पहले, मुंबई इंडियंस के कैंप में शामिल होने से पहले हार्दिक पंड्या ने कोच मार्क बाउचर के साथ टीम के ड्रेसिंग रूम में गणेश जी की पूजा की थी। इसके बाद बाउचर ने नारियल फोड़ा था। हार्दिक ने नई फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस के साथ दो साल बिताए थे। अपनी कप्तानी में हार्दिक टीम को दो बार फाइनल तक पहुंचाने में सफल रहे थे। 2022 में हार्दिक की कप्तानी में ही गुजरात टाइटंस ने अपने डेब्यू सीजन में आईपीएल का खिताब जीता था। उन्हें आईपीएल नीलामी से पहले मुंबई इंडियंस ने ऑल कैश डील के जरिए गुजरात टाइटंस से ट्रेड किया था। 

पिछले साल भारत में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप के दौरान हार्दिक को एंकल में चोट लग गई थी। इसी वजह से वो क्रिकेट से लंबे वक्त तक दूर रहे। मुंबई इंडियंस आईपीएल की सबसे सफल टीमों में शुमार है। मुंबई और चेन्नई सुपर किंग्स दोनों टीमों ने 5-5 खिताब जीते हैं। रोहित की कप्तानी में मुंबई ने पांच बार आईपीएल जीता है। 

5379487