Logo
IPL 2024 Auction: आईपीएल 2024 के ऑक्शन में पहली बोली वेस्टइंडीज के टी20 कप्तान रोवमैन पॉवेल पर लगी। उन्हें 7.40 करोड़ में राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा।

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के लिए दुबई में नीलामी हुई। ऑक्शन में सबसे पहले बल्लेबाजों के सेट पर बोली लगी। इसमें वेस्टइंडीज के टी20 कप्तान रोवमैन पॉवेल पहले खिलाड़ी रहे। पॉवेल को राजस्थान रॉयल्स ने 7.40 करोड़ रुपये में खरीदा। उनका बेस प्राइस 1 करोड़ रुपये था। यानी पॉवेल को अपने बेस प्राइस से सात गुना अधिक कीमत मिली।

पॉवेल को खरीदने के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच बीडिंग वॉर देखने को मिली। उनके लिए केकेआर ने बोली की शुरुआत की। इसके साथ राजस्थान रॉयल्स भी कूद पड़ी। दोनों फ्रेंचाइजी के बीच पॉवेल को खरीदने के लिए काफी देर तक बीडिंग वॉर चली। आखिर में राजस्थान रॉयल्स ने 7.4 करोड़ में इस कैरेबियाई खिलाड़ी को खरीदा। 

पॉवेल वेस्टइंडीज की टी20 टीम के कप्तान
रोवमैन पॉवेल इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। वो कैरेबियन प्रीमियर लीग में भी बारबाडोस रॉयल्स के कप्तान हैं। पॉवेल इंग्लैंड के खिलाफ 5 टी20 की सीरीज में वेस्टइंडीज टीम की कप्तानी कर रहे। उनकी अगुआई में वेस्टइंडीज टीम फिलहाल सीरीज में 2-1 से आगे चल रही। तीनों ही मैच में पॉवेल ने अच्छी बल्लेबाजी की। उन्होंने सीरीज के तीनों टी20 में 31*, 50 और 39 रन की पारी खेली थी। 

पॉवेल को दिल्ली कैपिटल्स ने रिलीज किया था
पॉवेल ने 2022 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 17 आईपीएल मैच में 146 के स्ट्राइक रेट से 257 रन बनाए हैं। उन्होंने एक ही अर्धशतक लगाया है। आईपीएल 2023 में पॉवेल ने 3 ही मैच खेले थे। इसमें उन्होंने सिर्फ 7 रन बनाए थे।

आईपीएल 2024 की नीलामी से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें रिलीज कर दिया था। उनका इंटरनेशनल टी20 करियर शानदार है। उन्होंने 66 टी20 में 1202 रन बनाए हैं। वो एक शतक और 5 अर्धशतक ठोक चुके हैं। उन्होंने टी20 में 80 छक्के मारे हैं। 

5379487