Logo
प्रदेश में तीन सितंबर को मुख्यमंत्री साय को पहला सदस्य बनाकर अभियान प्रारंभ हो जाएगा,लेकिन वास्तव में अभियान का आगाज तब होगा, बूथों में 6 सितंबर से सदस्यता प्रारंभ होगी।

रायपुर। भाजपा के सदस्यता अभियान में प्रदेश भाजपा संगठन का लक्ष्य करीब 50 लाख सदस्यों का है। ऐसे में रोज एक लाख सदस्य बनाने होंगे, क्योंकि तीन चरणों में चलने वाले अभियान में संगठन को बमुश्किल 51 दिन मिलेंगे। यूं तो प्रदेश में तीन सितंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पहला सदस्य बनाकर अभियान प्रारंभ हो जाएगा, लेकिन वास्तव में अभियान का आगाज तब होगा, जब बूथों में 6 सितंबर से सदस्यता प्रारंभ होगी। हर बूथ में 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश में करीब 25 हजार बूथ हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने पूरे देश में नए सिरे से सदस्यता बनाने का अभियान तय किया है। इसके तहत ही प्रदेश संगठन ने अपने लिए जो लक्ष्य तय किया है, वह पुराने सदस्यों से करीब 50 फीसदी ज्यादा है। भाजपा के 32 लाख पुराने सदस्य हैं। इस सदस्य संख्या को 50 लाख तक ले जाने का लक्ष्य है। यानी करीब 18 लाख नए सदस्य बनाएं जाएंगे। नए पुराने सदस्यों को मिलाकर हर बूथ में जो 200 सदस्यों का लक्ष्य है, वह ज्यादा बड़ा नहीं माना जा रहा है। लेकिन जो समय है, वह उतना नहीं है जितना होना चाहिए।

सबकी जिम्मेदारी तय

सदस्यता अभियान के लिए सबकी जिम्मेदारी तय कर दी गई है। एक तरफ जहां सांसदों को 20-20 हजार सदस्य बनाने हैं, वहीं विधायकों को भी 10- 10 हजार सदस्य बनाने के लिए कहा गया है। इसी के साथ प्रदेशभर के नगरीय निकायों के जन प्रतिनिधियों को भी सदस्य बनाने हैं। भाजपा के सक्रिय सदस्य और हर कार्यकर्ता को भी सदस्य बनाने का काम करना है। ऐसे में भाजपा नेता मानते हैं कि 50 लाख सदस्य बनाने का काम आसानी से पूरा हो जाएगा। 50 लाख सदस्य तो बूथों में ही बन जाएंगे, जन प्रतिनिधि जो सदस्य बनाएंगे वो तो एक तरह से बोनस होगा और सदस्यों की संख्या इसकी वजह से 50 लाख के पार हो जाएगी।

तीन चरणों में अभियान

सदस्यता अभियान तीन चरणों में होना है, पहला 3 सितंबर से 25 सितंबर, दूसरा चरण 1 से 16 अक्टूबर तक और अंतिम चरण 16 से 31 अक्टूबर तक का सक्रिय सदस्यों के लिए है। यानी सामान्य सदस्यों के लिए देखा जाए तो सितंबर में 20 दिन और अक्टूबर में 16 दिनों का समय मिलेगा। यानी कुल 36 दिनों में लक्ष्य तक जाना है। हालांकि 16 से 31 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यों के लिए समय तय है, लेकिन भाजपा नेताओं का कहना है कि इस समय में भी किसी को भी सदस्य बनाने पर कोई पाबंदी नहीं रहेगी। ऐसे में माना जा रहा है कि करीब 51 दिनों का समय सदस्य बनाने के लिए मिल जाएगा। यानी हर दिन एक लाख सदस्य बनाने होंगे। सदस्यता अभियान से जुड़े भाजपा नेताओं का कहना है कि यह लक्ष्य और चुनौती ज्यादा बड़ी नहीं है। प्रदेश में 25 हजार बूथ हैं रोज एक बूथ में चार सदस्य बनाएंगे तो रोज एक लाख का लक्ष्य आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। एक बूथ में चार सदस्य बनाना आसान होगा। वैसे जब अभियान का प्रारंभ होगा तो पहले ही जिन बहुत ज्यादा सदस्य बन जाएंगे।

5379487