कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को अपने बलौदाबाजार प्रवास के दौरान कृषि उपज मंडी परिसर स्थित मनोविकास केंद्र का निरीक्षण किया। इस केंद्र का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायता करना है।
बलौदाबाजार। सीएम साय ने किया मनोविकास केंद्र का निरीक्षण. @BalodaBazarDist #Chhattisgarh @vishnudsai pic.twitter.com/1d8NNzrRzY
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 29, 2025
मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत कर उनकी प्रगति की जानकारी ली और उनके अभिभावकों से फीडबैक लिया। इस दौरान बच्चों ने अपनी कला और कौशल का प्रदर्शन किया, जिसे मुख्यमंत्री ने सराहा। उन्होंने इस केंद्र के संचालन में जिला प्रशासन की भूमिका की प्रशंसा करते हुए इसे अनुकरणीय पहल बताया।
40 से ज्यादा बच्चों को मिल रही सर्वांगीण विकास की सुविधाएं
बलौदाबाजार स्थित यह मनोविकास केंद्र सीएसआर फंड से संचालित है और वर्तमान में 40 से अधिक बच्चों को विशेष शिक्षा, चिकित्सा सहायता, व्यावसायिक प्रशिक्षण और समग्र विकास की सुविधाएँ प्रदान कर रहा है। जनवरी 2025 में स्थापित इस केंद्र ने अल्प समय में ही सकारात्मक परिणाम देना शुरू कर दिया है।

बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने कौशल विकास कार्यक्रमों का आयोजन
यहाँ विशेष शिक्षा, थेरेपी सेवाएँ, मनोवैज्ञानिक परामर्श, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियाँ संचालित की जाती हैं। बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें कौशल विकास कार्यक्रमों से भी जोड़ा जाता है। मुख्यमंत्री के दौरे से इस केंद्र को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा और समाज में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। इस पहल से न केवल बच्चों को लाभ मिलेगा, बल्कि उनके परिवारों को भी सामाजिक और मानसिक समर्थन प्राप्त होगा।