राहुल यादव- लोरमी। छत्तीसगढ़ के लोरमी में तेंदुआ देखे जाने का मामला सामने आया है। इसके बाद से वन विभाग की टीम अलर्ट हो कर इलाके में तेंदुए की तलाश कर रही है। बताया जा रहा कि, बह तड़के 4 से 6 बजे के बीच एक किसान ने नर्सरी के पास देखा, जिसके बाद लाइट की रोशनी देख तेंदुआ भाग निकला।

दरअसल, लोरमी के तुलसाघाट स्थित नर्सरी में तड़के सुबह 4 से 6 बजे के बीच ग्रामीणों ने तेंदुआ देखा। जिसके बाद यह खबर तुलसाघाट में आग की तरह फैल गयी है। जिसकी सूचना वनविभाग के चौकीदार एवं फारेस्ट गार्ड को दी गई। वहीं एक युवक ने बताया कि, उसने भी नर्सरी की बाउंड्री से छलांग लगाते हुए देखा है।
वन विभाग ने लोगों को किया आगाह
ग्रामीणों ने तेंदुए को देखे जाने के बाद इसकी सूचना आस- पास के लोगों को दी है। जिसके बाद से ही लोग मामले को लेकर सचेत हो गए हैं। वन विभाग के कर्मचारी लगातार तेंदुए पर नजर बनाये हुए हैं। साथ ही लोगों को आगाह भी कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कई लोगों ने तेंदुएं जे पद चिन्ह भी देखे हैं।

तेंदुआ देखे जाने की नहीं हुई पुष्टि
वन विभाग के एस डी ओ दशांश सूर्यवंशी ने बताया कि, तुलसाघाट नर्सरी में तेंदुआ आया हो ऐसा हो सकता है। लेकिन अभी तक इस बात की कोई पुष्टि नहीं हुई है। जिस ग्रामीण ने तेंदुए को देखा है वह भी स्पष्ट नहीं बता रहा है। आगे उन्होंने बताया कि, न जानवर का पद चिन्ह मिला है और न ही कोई सुराग है। फ़िलहाल वन विभाग मामले की जांच में जुट गई है।